मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करने हर साल लाखों लोग आगरा पहुंचे हैं। इसी प्रकार भारी संख्या में बुधवार को भी देसी और विदेशी पर्टयक ताजमहल परिसर पहुंचे थे। इस बीच भ्रमण के दौरान अचानक चक्कर आने से एक पर्यटक बेहोश हो गया। बताया जा रहा है कि पर्यटक महाराष्ट्र के लातूर जिले के रहने वाले थे।
ताजमहल में एक पर्यटक की अचानक मौत
अधिकारियों के मुताबिक, महाराष्ट्र के लातूर जिले के रहने वाले 45 वर्षीय शिवलिंग बबय्या स्वामी अपने परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे, तभी उनकी अचानक से तबीयत खराब होने लगी और रॉयल गेट के पास वह बेहोश होकर गिर गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ताजमहल के सहायक संरक्षण अधिकारी प्रिंस वाजपेयी ने बताया, "दोपहर करीब सवा एक बजे शिवलिंग बबय्या स्वामी रॉयल गेट के पास गिर गए थे। सीआईएसएफ की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (CISF Quick Response Team) ने तुरंत कार्रवाई की और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।" सहायक पुलिस आयुक्त (ताज सुरक्षा) सैयद अरीब अहमद ने कहा, "सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता लगेगा।"
(इनपुट - भाषा)
