आगरा

Para Jump Instructor: आगरा में एयरफोर्स के 'पैरा जंप प्रशिक्षक' की पैराशूट न खुलने के कारण मौत

Agra Para Jump Instructor Death: वायु सेना ने एक बयान जारी कर घटना पर दुख व्यक्त किया तथा मृतक पैरा प्रशिक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Agra Para Jump Instructor Death: भारतीय वायु सेना के वारंट अधिकारी रामकुमार तिवारी की शनिवार को यहां एक जंप के दौरान पैराशूट न खुलने के कारण मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।इस बीच समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिवंगत वारंट अधिकारी को अपनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इन मामलों में हर स्तर पर गुणवत्ता की गहन-गंभीर जांच हो, जिससे भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं का दोहराव न हो।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारंट ऑफिसर के पद पर तैनात 41 साल के रामकुमार तिवारी ने शनिवार सुबह करीब 09:30 बजे हेलीकॉप्टर से जंप किया और जंप के बाद पैराशूट में तकनीकी ख़राबी आ गयी और इस खामी की वजह से पैराशूट खुल नहीं पाया और रामकुमार तिवारी सीधे जमीन पर गिर पड़े।

उन्होंने बताया कि वायु सेना के जवानों ने घायल हालत में तिवारी को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी।

सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) विनायक भोसले ने बताया , 'दोपहर में करीब 12 बजे सैन्य अस्पताल से मृत्यु की जानकारी मिली। थाना सदर पुलिस ने पंचायत नामा भर कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।'

इस बीच वायुसेना ने एक बयान में कहा, 'भारतीय वायु सेना की आकाश गंगा स्काइडाइविंग टीम के एक पैरा जंप प्रशिक्षक के साथ हादसा हुआ। भारतीय वायु सेना शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करती है। इस दुख की घड़ी में उनके साथ से खड़ी है।'

वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा 'पहले गुजरात के जामनगर में एक फाइटर जेट के क्रैश होने से एक फ्लाइट लेफ्टिनेंट की मृत्यु और अब आगरा में पैराशूट न खुलने से एक वायु सेना के अफ़सर की मृत्यु का समाचार बेहद दुखदायी है।' उन्होंने कहा, 'सुरक्षा से समझौता प्राणघातक साबित होता है। इन मामलों में हर स्तर पर गुणवत्ता की गहन-गंभीर जांच हो, जिससे भविष्य में ऐसे दुर्घटनाओं का दोहराव न हो। श्रद्धाजंलि!'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article