आगरा

ताजमहल पर खतरे का साया; हाई अलर्ट के बीच फर्जी धमकी का पर्दाफाश, जांच जारी

ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आगरा में हाई अलर्ट जारी किया। धमकी भरा ई-मेल केरल से आया था, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने तीन घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया। जांच में इसे फर्जी ई-मेल पाया गया, लेकिन साइबर सेल इसकी गहराई से पड़ताल कर रही है।

Image

आगरा में जारी हुआ हाई अलर्ट

Photo : Times Now Digital

आगरा में ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। केरल से शनिवार को पर्यटन विभाग के पास आए एक ई-मेल में यह धमकी दी गई थी, जिसके बाद CISF और अन्य सुरक्षा बलों ने बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स के साथ तीन घंटे तक ताजमहल परिसर की गहन तलाशी ली। इस दौरान पर्यटकों की कड़ी जांच की गई और उन्हें प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।

तलाशी अभियान के बाद कोई संदिग्ध वस्तु न मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जांच में पाया गया कि यह एक फर्जी ई-मेल था, जिसकी साइबर सेल द्वारा पड़ताल की जा रही है। ई-मेल यूपी टूरिज्म, दिल्ली पुलिस और एक अन्य अधिकारी को भेजा गया था, जिसमें ताजमहल को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और दोपहर एक बजे से व्यापक जांच अभियान चलाया गया।

नहीं मिली संदिग्ध वस्तु

मुख्य गुंबद, चमेली फर्श, मस्जिद परिसर सहित बगीचों और दालानों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। दोपहर तीन बजे तक गहन तलाशी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे राहत की सांस ली गई। इस दौरान ताजमहल में आए देसी-विदेशी पर्यटकों के बीच किसी तरह का पैनिक न फैले, इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी सतर्कता बरती।

फर्जी धमकी भरा ई-मेल

जब कई पर्यटकों ने इस प्रकार की सघन जांच के बारे में जानकारी ली, तो उन्हें बताया गया कि यह ताजमहल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही नियमित प्रक्रिया है। एसीपी ताज सुरक्षा, सैयद अरीब अहमद ने स्पष्ट किया कि ताजमहल को लेकर एक फर्जी धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था, जिसका स्रोत केरल में था। इसी प्रकार के कई ई-मेल देशभर में विभिन्न स्थानों पर एक साथ भेजे गए थे, जिनकी जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article