Hathras Bus Fire: Hathras Bus Fire: हाथरस के मिढावली गांव के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। गनीमत ये रही की इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि बस दिल्ली के वजीराबाद से बिहार के सुपौल जा रही थी। तभी यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 143 पर अचानक उसमें आग लग गई। आग की लपटे देख बस में सवार यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। भीषण आग देख घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई।
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि डबल डेकर बस के ऊपर रखे सामान में अचानक आग लग गई थी। आग की लपटों को देख बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे। बस में लगी भीषण आग देख सड़क से गुजरने वाले अन्य वाहन भी वहां रुक गए। घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। सभी यात्री आग के फैलने से पहले बस से उतर गए थे। आग किस कारण लगी उसकी जांच की जा रही है।
