आगरा

Etawah में हीटवेव का अलर्ट, भीषण गर्मी से निपटने के लिए प्रशासन ने कसी कमर

यूपी के इटावा में बढ़ती गर्मी और तापमान के कारण हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। इस बीच जिला प्रशासन ने गर्मी और हीटवेव के निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Image

इटावा प्रशासन हीटवेव से निपटने के लिए तैयार

Etawah News: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज से हीटवेव का दौर शुरू हो गया है। इस बीच कई आसपास के जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है। अप्रैल की शुरुआत के साथ ही इटावा जिले में तेज गर्मी और हीटवेव का असर शुरू हो गया है। इस प्रचंड गर्मी से लोगों और पशुओं को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने शासन के निर्देशों के आधार पर हीटवेव से निपटने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया है। इस प्लान के तहत कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

जलाशयों में पानी की आपूर्ति पर खास ध्यान

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के जरिए हीट वेव से बचाव के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी जलाशयों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है ताकि लोगों और पशुओं को पीने के पानी की कमी न हो। गर्मी के कारण खड़ी फसलों में आग न लगे इसे लेकर भी नजर रखी जा रही है। फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट को सक्रिय कर दिया गया है।

अवनीश राय ने कहा कि पिछले साल भी जिला प्रशासन ने हीट वेव से निपटने के लिए बेहतरीन काम किया था, जिसके लिए शासन ने जिले को पहला स्थान देकर पुरस्कृत भी किया था। इस बार भी उसी तर्ज पर काम शुरू कर दिया गया है। जिला अस्पताल में मरीजों के लिए खास वार्ड बनाए गए हैं, जहां इलाज की पूरी सुविधा उपलब्ध है। रात के समय भी मरीजों की देखभाल के लिए पर्याप्त डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ तैनात किए गए हैं।

हीटवेव से परेशान लोग मांग सकते हैं मदद

अधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर एक इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम शुरू किया गया है। इस कंट्रोल रूम में टेलीफोन लाइन भी उपलब्ध है, जिसके जरिए कोई भी हीट वेव से परेशान व्यक्ति मदद मांग सकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम शुरू होने के बाद टोल-फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं, जिनका बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतें और कंट्रोल रूम की सुविधा का इस्तेमाल करें। प्रशासन की सोच है कि इस बार भी हीट वेव से होने वाले नुकसान को कम करने पर ध्यान केंद्रित किया जाए और जिले के हर नागरिक तक राहत पहुंचे। बता दें कि मौसम विभाग ने इटावा में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया हुआ है।

(इनपुट -आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!