Agra News: आगरा-ग्वालियर राजमार्ग पर एक अनियंत्रित बस चार दुकानों को रौंदती हुई एक पेड़ से जा टकरायी जिससे चालक की मौत हो गयी तथा कुछ यात्री घायल हो गये। मलपुरा थाना प्रभारी ईश्वर सिंह तोमर ने बताया कि सुबह करीब पौने दस बजे मलपुरा गांव के बाद फ्लाईओवर के पास चालक को गहरी झपकी आ गई जिससे तेज रफ्तार वोल्वो बस बेकाबू हो गई और वह चार दुकानों को रौंदती हुई एक पेड़ से जा टकरायी।
हादसे में गई बस चालक हेमंत की जान
तोमर ने बताया कि पुलिस ने लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को को बाहर निकाला तथा चालक समेत गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार डॉक्टरों ने बस चालक हेमंत (38) को मृत घोषित कर दिया जो राजस्थान के धौलपुर जिले के पंचगाई का निवासी था। पुलिस ने हेमंत के परिजन को इस घटना के बारे में जानकारी दे दी है। पुलिस के अनुसार बस धौलपुर से चली थी और उसमें करीब 60 यात्री थे।
