उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आर्टिफिशियल अंग/सहायक उपकरण योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत योग्य दिव्यांगजनों के ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ज्ञान देवी ने बताया कि इस योजना के तहत दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और विशेष जूते जैसे कई उपकरण दिए जाएंगे। बता दें कि इस योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों को योजना की आधिकारी वेबसाइट https://divyangjanup.upsdc.gov.in पर जाना होगा और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी है।
योजना का लाभ लेने के लिए इन दस्तावेज की आवश्यकता
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आर्टिफिशियल अंग/सहायक उपकरण योजना का लाभ उठाने के लिए दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र (नगरीय क्षेत्र के लिए वार्षिक आय 56,460 रुपए और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 46,080 रुपए से अधिक नहीं), जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, और दो रंगीन फोटो आवेदन में अटैच करना जरूरी है। लाभ प्राप्त करने के लिए यह सभी दस्तावेज आवश्यक हैं। इतना ही नहीं, ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी दस्तावेजों की कॉपी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करनी होगी।
योजना के अंतर्गत दिए जाएंगे ये उपकरण
योजना के तहत योग्य दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, ब्लाइंड छड़ी, वॉकिंग स्टिक, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट, स्मार्ट केन, स्मार्ट फोन, टेबलेट, कृत्रिम हाथ-पैर और विशेष जूते आदि प्रदान किए जाएंगे।
