Agra Weather News: पश्चिमी हवा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। उत्तर प्रदेश में ठंड की तेजी अब रफ्तार पकड़ रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। सर्दी और कोहरे के सितम को देखते हुए यूपी के कई जनपदों में स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी हो गए हैं। जबकि कई जिलों में स्कूलों के टाइम में परिवर्तन किया गया है। आगरा में रोजाना तापमान में बदलाव हो रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर पश्चिम से आने वाली हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट से गलन बढ़ी है। कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा भी पड़ रहा है।
आगरा के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी (फाइल फोटो)
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में आने वाले एक हफ्ते तक सुबह में घना कोहरा रहने के आसार हैं। आगरा में सोमवार की सुबह घना कोहरा था। मंगलवार को भी ताजनगरी में घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर से लोग ठिठुरते नजर आए। सर्द हवाओं ने कंपकंपी छुड़ाए रखी।
