Agra Road Accident: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक अनियंत्रित बस ने राहगीरों को टक्कर मार दी है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है और 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बता दें कि हादसे के बाद मौका देख बस चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना आगरा के थाना एत्माद्दौला के प्रकाश नगर पुलिया की है।
आगरा में दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश नगर में एक शादी समारोह चल रहा था। उस दौरान बेकाबू बस ने दुल्हन पक्ष के 6 लोगों को कुचल दिया, जिसमें से दो की मौत हो गई है और अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस हादसे से शादी वाले घर में मातम पसर गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोग यूपी के एटा से आगरा केवल शादी में शामिल होने के लिए आए थे।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद सड़क पर चीख पुकार मच गई, जिसे देख बस का चालक वहां से भाग गया। घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की तलाश की जा रही है।
