Etawah Crime: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां प्रेमिका से मिलने गए एक युवक की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या गोली मारकर की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा गांव
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात के सन्नाटे में गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव वालों की नींद खुली और जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने अनिल कुमार नाम के व्यक्ति के घर के सामने गली में एक युवक का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ देखा। मृतक की पहचान लवकुश (18) के रूप में हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही लवकुश का परिवार भी मौके पर पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
प्रेमिका से मिलने गए युवक की हत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना चौविया थाना क्षेत्र के खेडाहेलू गांव में हुई घटना के संबंध में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। चौविया थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विपिन कुमार ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात लवकुश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि हत्या उस समय हुई, जब युवक इसी गांव में रहने वाली अपनी प्रेमिका से उसके घर मिलने गया था।
हत्या के आरोप में युवती का पिता गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में सामने आया कि औरैया जिले का रहने वाला लवकुश अपने बहनोई-बहन के घर खेडहेलू में रह रहा था और उसका आरोपी की बेटी के साथ प्रेम संबंध था। उन्होंने बताया कि लवकुश रात को प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था और वह घर की दीवार के सहारे ऊपर चढ़ने की कोशिश कर रहा था कि तभी आरोपी ने उसे गोली मार दी और वह नीचे गिर गया।
अधिकारी ने बताया कि हत्या का आरोप पीड़ित परिवार द्वारा अनिल कुमार पर लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार को हिरासत में ले लिया और हत्या में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर लिया। अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
