आगरा

मथुरा में बनेगा बांके बिहारी कॉरिडोर, 150 करोड़ का ऐलान; भीड़ से मिलेगी निजात

Banke Bihari Corridor: यूपी के मथुरा में बढ़ती भीड़भाड़ को देखते हुए बांके बिहारी कॉरिडोर बनाने का प्लान है। सरकार ने इस कार्य को पूरा करने के लिए 150 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है।

Image

बांके बिहारी कॉरिडोर (फाइल फोटो)

Banke Bihari Corridor: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। इस बजट में वृंदावन में स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के लिए भी अहम घोषणा की गई है। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर के लिए 150 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य बांके बिहारी मंदिर के निकटवर्ती क्षेत्र में सुविधाओं का सुधार करना और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर माहौल तैयार करना है। सरकार के इस ऐलान पर श्रद्धालुओं और व्यापारियों की प्रतिक्रिया आई है।

कॉरिडोर से मिलेगी राहत

स्थानीय दुकानदार मुकेश कृष्ण शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कॉरिडोर के लिए सरकार ने पहले भी रुपए स्वीकृत किए थे। मुझे लगता है कि कॉरिडोर समस्या का हल नहीं है, क्योंकि जहां भी इसे बनाया गया है, वहां सिर्फ लोगों की भीड़ बढ़ी है। पहले प्रशासन को भीड़ को मैनेज करना चाहिए, उसके बाद ही इस पर काम होना चाहिए। श्रद्धालु कुशल ने कहा, "मेरा मानना है कि बांके बिहारी मंदिर में कॉरिडोर बनना चाहिए, क्योंकि इसके बनने से यहां आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।"

श्रद्धालु पूजा सोनी ने कहा कि कॉरिडोर बनाने का फैसला एक अच्छा कदम है। अगर कॉरिडोर बनता है तो भीड़भाड़ से निजात मिलेगी और मंदिर में बांके बिहारी के दर्शन भी अच्छी तरह से हो पाएंगे। श्रद्धालु विकास सूद ने कहा कि कॉरिडोर बनने से सभी लोगों को फायदा मिलेगा, क्योंकि यहां दूर-दराज से लोग दर्शन करने के लिए आते हैं और इस वजह से काफी भीड़ भी रहती है। कॉरिडोर योजना के लिए बजट स्वीकृत होने के बाद वृंदावन और आसपास के क्षेत्रों में जमीनों के दाम में अधिक इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। वृंदावन में पहले से ही भूमि की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं और इस नई परियोजना के कारण इन कीमतों में और वृद्धि हो सकती है।

बता दें कि बांके बिहारी कॉरिडोर परियोजना के तहत मंदिर के आसपास के क्षेत्र में कनेक्टिविटी, सड़कों का चौड़ीकरण, पार्किंग की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इस परियोजना का उद्देश्य न केवल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ाना है, बल्कि पर्यटकों के लिए वृंदावन को और भी आकर्षक बनाना है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article