शहर

आगरा में हाईटेक चोरी; चोरों ने फॉर्च्यूनर कार दो मिनट में हैक कर उड़ाई, पुलिस ने लिया एक्शन

आगरा के जयपुर हाउस की पॉश कॉलोनी में एक कारोबारी की महंगी फॉर्च्यूनर कार चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी एक हाईटेक वाहन चोर गिरोह ने की, जिसने कार के लॉक को वाई-फाई और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से केवल कुछ मिनटों में तोड़ दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी ट्रैकिंग से आरोपी को पकड़ा गया और चोरी की कार भी बरामद कर ली गई।

Image

आगरा में लग्जरी कार की चोरी नाकाम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Agra News: सड़क पर कार पार्क करते समय सतर्क रहें। आगरा के जयपुर हाउस की पॉश कॉलोनी में एक कारोबारी की महंगी फॉर्च्यूनर कार महाराष्ट्र के वाहन चोर गिरोह द्वारा चोरी कर ली गई। गिरोह ने कार के हाईटेक लॉक को वाई-फाई के जरिए लैपटॉप और अन्य उपकरणों से हैक कर सिर्फ दो मिनट में तोड़ दिया। योजना थी कि कार को गुरुग्राम, हरियाणा ले जाया जाए।

हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से गिरोह तक अपनी पहुंच बनाई। मथुरा में घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ा गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। चोरी की गई कार भी बरामद कर ली गई। अब पुलिस गिरोह के सरगना, महाराष्ट्र निवासी आदिल सहित अन्य चार लोगों की तलाश में लगी हुई है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि जयपुर हाउस निवासी पुलकित बंसल एक व्यवसायी हैं और उनके पास आधा दर्जन से अधिक महंगी कारें हैं। घर के अंदर पार्किंग की जगह न होने के कारण फॉर्च्यूनर कार को बाहर ही खड़ा किया गया था। 17 फरवरी की रात यह चोरी हुई।

कैसे पता चला कार का?

जांच में पता चला कि रात लगभग 2 बजे सीसीटीवी में एक क्रेटा कार दिखाई दी, जिसमें से कोई नहीं उतरा। दो मिनट बाद एक युवक फॉर्च्यूनर को खोलकर कार लेकर चला गया। पुलिस ने ट्रैकिंग शुरू की तो पता चला कि चोरी की गई कार बिचपुरी, अछनेरा और मोगर्रा गांव के रास्ते मथुरा की ओर जा रही थी। पुलिस को चोरों का पता लगाने में मुश्किल हुई क्योंकि चोर कार को जगह-जगह खड़ा करके पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। मथुरा में कार अचानक बंद हो गई और चोरों ने इसे गुरुग्राम ले जाने के लिए रिकवरी वैन बुलाई। पुलिस ने कैमरों की मदद से उन्हें पकड़ लिया। दो आरोपी कार से भागने में सफल हो गए, जबकि एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

15 से अधिक लग्जरी कारों की चोरी

गिरफ्तार आरोपी रिजवान जिया उल्लाह खान महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल थाना क्षेत्र में स्थित कावेरी बिल्डिंग का निवासी है। उसके कब्जे से पुलिस ने दो चाबियां और एक मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में उसने मंजूर किया कि उसने अपने साथियों आगरा निवासी पुष्पेंद्र, बिट्टू, महाराष्ट्र निवासी आदिल, पिंटू और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर यह कार चोरी की थी। जांच में सामने आया कि यह गिरोह हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 15 से अधिक लग्जरी कारें चुरा चुका है। गिरोह इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से कारों के लॉक तोड़ देता है और फिर 30 लाख रुपये तक कीमत वाली गाड़ियों को 15 से 16 लाख रुपये में बेच देता है। इसके लिए गिरोह फर्जी दस्तावेज़ भी तैयार कराता है।

पुलिस ने किया ये खुलासा

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी रिजवान पहले पुणे में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है और केरल में साइबर ठगी की घटनाओं में भी शामिल रहा है। वह पिछले छह महीने से वाहन चोरी के गिरोह से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, जब वह साइबर ठगी नहीं कर पाता तो मांग के अनुसार कार चोरी करता है। चोरी की कारों को ले जाने के लिए वह ऐसे रास्तों का इस्तेमाल करता है, जहां टोल प्लाजा नहीं होते और मुख्य मार्गों की बजाय गांवों के रास्तों से गुजरता है। इसके अलावा, लग्जरी कारों की खरीद और बिक्री के लिए गिरोह ने एक फर्जी कंपनी भी बनाई हुई है। चोरी से प्राप्त राशि को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते हैं और इसे अपने शौक और मनोरंजन पर खर्च करते हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article