T20 World Cup 2026: रविवार, 8 मार्च की रात क्रिकेट इतिहास में यादगार बन गई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इसी के साथ पूरे देश में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ पड़ी। हर शहर और राज्य में टीम इंडिया के जयकारे लगे।
इसी बीच, टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के चाचा विनोद यादव ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने के लिए गाजीपुर जिले में आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल स्टेडियम बनाने की मांग उठाई है। सोमवार को विनोद यादव ने बताया कि इस मांग को लेकर वह लगभग एक महीने पहले उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री ने आश्वासन दिया था कि गाजीपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं वाले स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा।
सीएम योगी से भी की थी मुलाकात
सूर्यकुमार यादव के चाचा विनोद यादव ने बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक मैच के दौरान सूर्यकुमार यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी और उस दौरान गाजीपुर में आधुनिक खेल स्टेडियम बनाने की आवश्यकता का मुद्दा भी उठाया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक कदम उठाएगी। विनोद यादव ने आगे बताया कि सूर्यकुमार यादव के माता-पिता, अशोक यादव और सपना यादव, इस साल फरवरी के मध्य में गाजीपुर जिले के हथौरा गांव भी आए थे।
गाजीपुर जिले में मनाया जाएगा जश्न
विनोद यादव ने बताया कि पहले उन्होंने गांव के मंदिर में दर्शन किए और इसके बाद वाराणसी जाकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। इसके बाद वे अहमदाबाद रवाना हो गए, जहां उन्होंने टी20 विश्व कप का फाइनल मुकाबला देखा। उन्होंने कहा कि जैसे ही सूर्यकुमार यादव के गाजीपुर आने की खबर मिलेगी, पूरे जिले में बड़े स्तर पर जश्न मनाया जाएगा।
हथौरा गांव में खुशी की लहर
उन्होंने यह भी बताया कि फाइनल मैच के दौरान हथौरा गांव स्थित उनके घर पर बड़ी एलईडी टीवी लगाई गई थी, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा होकर मुकाबला देख रहे थे। जैसे ही न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट गिरा, वहां मौजूद लोग खुशी से झूम उठे और नाचने लगे। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद रविवार रात लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी जश्न का माहौल देखने को मिला। सड़कों पर निकले प्रशंसक तिरंगा लहराते हुए खुशी से झूमते नजर आए।
(इनपुट - भाषा)
