शहर

उज्जैन में मिलावटी घी के खेल का भंडाफोड़...रत्नागिरी, मिल्क क्रीम और नंद कृष्णा ब्रांड के सैंपल जांच में असुरक्षित

जांच अधिकारियों के अनुसार, इन ब्रांड्स में वनस्पति तेल के साथ लेड (सीसा) जैसे हानिकारक तत्वों की मिलावट पाई गई है, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक हैं। जानिए पूरी डिटेल...

Image

उज्जैन में खाद्य मिलावट के खिलाफ छापेमारी

Ghee Racket Busted in Ujjain: उज्जैन जिले में शुद्धता के दावे के साथ बेचे जा रहे ब्रांडेड घी में मिलावट का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच के लिए भेजे गए नमूनों में से तीन प्रमुख कंपनियों—रत्नागिरी देसी घी, मिल्क क्रीम देसी घी और नंद कृष्णा घी के सैंपल राज्य स्तरीय लैब की रिपोर्ट में अनसेफ पाए गए हैं। जांच अधिकारियों के अनुसार, इन ब्रांड्स में वनस्पति तेल के साथ लेड (सीसा) जैसे हानिकारक तत्वों की मिलावट पाई गई है, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महिदपुर के बाकलीवाल ट्रेडर्स से 280 लीटर 'मिल्क क्रीम' घी, दूधतलाई के श्रीकृष्णा डिस्पोजल से 110 लीटर 'रत्नागिरी' घी और महिदपुर रोड स्थित राजेंद्र कुमार बाबूलाल फर्म से 142 लीटर नंद कृष्णा घी जब्त किया है। इंदौर से सप्लाई होकर आए इस हजारों लीटर जहरीले घी की जब्ती के बाद विभाग अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है।

भारत में खाद्य पदार्थों में मिलावट एक गंभीर स्वास्थ्य और सामाजिक समस्या बन चुकी है। दूध, पनीर, मसालों, तेल और मिठाइयों जैसी दैनिक उपभोग की वस्तुओं में सिंथेटिक रंगों और हानिकारक रसायनों की मिलावट लोगों की सेहत से सीधा खिलवाड़ करती है। इस पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें 'खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण' (FSSAI) के नेतृत्व में देशव्यापी कड़े अभियान चला रही हैं।

मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की मोबाइल टेस्टिंग वैन गांव-गांव और कस्बों में जाकर मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच कर रही हैं। इसके अलावा त्योहारों के सीजन में मिलावटी खोया, पनीर और मसालों के अवैध कारखानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की जा रही है। नियमों को सख्त बनाते हुए मिलावटखोरी में शामिल अपराधियों के खिलाफ भारी जुर्माना और आजीवन कारावास तक के कड़े कानूनी प्रावधान लागू किए गए हैं। साथ ही, FSSAI उपभोक्ताओं को घर पर ही आसान तरीकों से खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने के टिप्स भी दे रहा है।

देश को स्वस्थ और रोगमुक्त बनाने के लिए शुद्ध भोजन अनिवार्य है। खाद्य सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को भी जागरूक होकर मिलावट के खिलाफ आवाज उठानी होगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article