शहर

Panjab University Student Union Election 2026:पंजाब यूनिवर्सिटी में फिर ABVP का दबदबा, अंकित बिधान ने लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर दर्ज की शानदार जीत

Panjab University Student Union Election 2026 Result: पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में ABVP ने एक बार फिर बड़ी जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया है। ABVP के अंकित बिधान ने मुकाबले में बाजी मारकर संगठन को लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद दिलाया।

Image

अंकित बिधान (फाइल फोटो)

Panjab University Student Union Election 2026 Result: पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल (PUCSC) के चुनाव में ABVP ने लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। सोमवार शाम घोषित किए गए चुनाव परिणाम में ABVP के उम्मीदवार अंकित बिधान ने अध्यक्ष पद अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के लिए यह जीत इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि चुनाव में सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (SAD) की छात्र इकाई स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (SOI) ने ABVP को अपना समर्थन दिया था। ABVP ने पिछले वर्ष पहली बार PUCSC अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया था। इस बार लगातार दूसरी जीत के साथ संगठन ने विश्वविद्यालय छात्र राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने का संकेत दिया है।

जीत के बाद अंकित ने बोल क्या बात?

जीत के बाद प्रतिक्रिया देते हुए ABVP उम्मीदवार अंकित बिधान ने कहा कि “आज Gen Z ने साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ABVP उनके दिल में हैं।” उन्होंने कहा कि संगठन को पिछले एक वर्ष के दौरान किए गए कार्यों के आधार पर छात्रों का समर्थन मिला और इसी के दम पर ABVP चुनाव जीतने में सफल रही। SOI के समर्थन को लेकर बिधान ने कहा कि दोनों संगठनों के बीच संबंध अच्छे रहे हैं। उन्होंने बताया कि SOI की उम्मीदवारी रद्द होने के बाद संगठन ने ABVP को समर्थन देने का फैसला किया था। SOI के इस कदम को पंजाब की आगामी विधानसभा राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दरअसल, अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले SAD और BJP के बीच दोबारा गठबंधन होने की अटकलें पहले से ही चल रही हैं।

सोमवार को मतदान कराया गया

पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल (PUCSC) के नए पदाधिकारियों के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इस चुनाव में विश्वविद्यालय के करीब 16,500 छात्र-छात्राएं मतदान के लिए पात्र थे। चुनावी मैदान में कुल 16 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे। इनमें अध्यक्ष पद के लिए चार, सचिव पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष पद के लिए पांच और संयुक्त सचिव पद के लिए चार प्रत्याशी शामिल थे।

कौन-कौन उतरा था मैदान में?

PUCSC चुनाव के लिए विश्वविद्यालय परिसर में करीब 190 मतदान केंद्र बनाए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, मतदान प्रक्रिया सुबह 9:30 बजे शुरू हुई और 11 बजे तक चली। अध्यक्ष पद के लिए इस बार चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला था। ABVP की ओर से अंकित बिधान, आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई Association of Students for Alternative Politics (ASAP) के आदिल बराड़, कांग्रेस की छात्र शाखा National Students' Union of India (NSUI) के गुरनाम सिंह सिद्धू और साथ (Sath) संगठन के दर्शप्रीत सिंह चुनाव मैदान में थे।

किसे मिले कितने वोट?

बता दें कि अंकित विधान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन ASAP के उम्मीदवार आदिल बराड़ को करीब 513 वोटों के अंतर से हराया। अंकित को कुल 3,149 वोट मिले, जबकि आदिल बराड़ के पक्ष में 2,636 वोट पड़े। वहीं, NSUI के उम्मीदवार गुरुनाम सिंह सिद्धू तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कुल 2,270 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ ABVP ने पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article