शहर

ABVP का बड़ा विरोध प्रदर्शन; पुलिस से झड़प, पथराव और सड़क जाम से भोपाल में बिगड़े हालात, जानें पूरा मामला

Bhopal News: भोपाल में कॉलेजों के पास चल रही शराब दुकानों को लेकर छात्रों का आक्रोश सड़कों पर नजर आया, जहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

Image

कॉलेज के पास शराब की दुकान को लेकर ABVP का विरोध प्रदर्शन (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कॉलेजों के पास संचालित शराब दुकानों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज के आसपास शराब बिक्री से नाराज छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार दोपहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पॉलिटेक्निक चौराहे पर एकत्र हुए और राजा भोज सेतु से लेकर चौराहे तक सड़क पर जाम लगा दिया। अचानक हुए इस प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे लंबी दूरी तक वाहनों की कतारें लग गईं और आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की

प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की में बदल गई। पुलिस ने स्थिति को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं थे, जिससे कुछ समय तक माहौल गरमाया रहा। इसी दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान को निशाना बनाया। कुछ लोग दुकान के बोर्ड पर चढ़ गए और उसे फाड़ दिया, वहीं कई लोगों ने पथराव भी किया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दुकान को काफी नुकसान पहुंचा।

छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की पदाधिकारी शालिनी वर्मा ने आरोप लगाया कि संबंधित शराब दुकान शैक्षणिक संस्थानों से महज 100 मीटर के भीतर संचालित हो रही है, जो नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन पर इस मामले में उदासीनता बरतने और मिलीभगत के भी आरोप लगाए। संगठन का कहना है कि हाल के दिनों में इलाके में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ी हैं। आरोप है कि नशे में धुत लोग छात्राओं को परेशान करते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी कारण छात्रों का गुस्सा भड़क उठा और विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि इससे पहले कई बार शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन सौंपकर दुकान हटाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में मजबूरी में उन्हें आंदोलन तेज करना पड़ा। वहीं, प्रशासन ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत की गई है और उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच कर जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article