आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर पंजाब में कथित तौर पर फर्जी सदस्यता कार्यक्रम आयोजित करने का आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह की राजनीति की अपेक्षा नहीं की जाती और यह पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
अनुराग ढांडा का आरोप है कि पंजाब में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए हरियाणा के युवाओं को पंजाब का बताकर मंच पर प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री आखिर किसे भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, एक ओर हरियाणा में युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे, वहीं दूसरी ओर उन्हें राजनीतिक आयोजनों में इस्तेमाल किया जा रहा है, जो युवाओं के साथ अन्याय है।
पंजाब के लोगों में भाजपा के प्रति नाराजगी
आप नेता ने दावा किया कि पंजाब में भाजपा को युवाओं का समर्थन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के सालों की घटनाओं जैसे बाढ़ के दौरान केंद्र की अफगानिस्तान को प्राथमिकताएं और किसान आंदोलन के समय हुई घटनाओं के कारण पंजाब के लोगों में भाजपा के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि इन मुद्दों का असर अब भी प्रदेश की राजनीति में दिखाई देता है।
लोगों की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह
अनुराद ढांडा ने यह भी आरोप लगाया कि जिन युवाओं को मंच पर भाजपा की सदस्यता दिलाई गई, वे पंजाब के नहीं बल्कि हरियाणा के निवासी थे। उन्होंने इसे “राजनीतिक दिखावा” बताते हुए कहा कि इस तरह के कदम भाजपा की पंजाब में कमजोर स्थिति को दर्शाते हैं। अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री से ऐसे आयोजनों से बचने और हरियाणा के लोगों की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। साथ ही चेतावनी दी कि जनता राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सतर्क है।
