शहर

AAP का बड़ा एक्शन, दिल्ली के 3 MCD पार्षद तत्काल प्रभाव से निलंबित, सौरभ भारद्वाज का ऐलान

AAP MCD Councillors Suspended: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के तीन पार्षदों जिसमें निर्मला देवी (शर्मा), कृष्णा देवी राघव और सुल्ताना आबाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसकी जानकारी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी।

Image

दिल्ली में AAP की बड़ी कार्रवाई (फाइल फोटो)

Photo : PTI

AAP MCD Councillors Suspended: आम आदमी पार्टी ने बृहस्पतिवार को एमसीडी के अपने तीन पार्षदों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पार्टी ने एक दिन पहले वार्ड समिति चुनाव में क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाया था। दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ पर इसकी घोषणा की। निलंबित किए गए पार्षदों में पश्चिमी क्षेत्र की निर्मला देवी, पश्चिमी क्षेत्र की कृष्णा देवी राघव और सिटी एसपी जोन की सुल्ताना आबाद शामिल हैं।

पार्टी ने कहा कि निलंबित किए गए पार्षदों ने नगर निगम के चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिमी क्षेत्र में एक अध्यक्ष का चुनाव भी क्रॉस वोटिंग के जरिए हुआ। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में आप के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने ’एक्स’ पर जारी बयान में कहा, "पश्चिमी क्षेत्र में अध्यक्ष का चुनाव क्रॉस वोटिंग के जरिए हुआ। वहीं, सिटी एसपी जोन में पार्टी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्षदों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।"

जनादेश और पार्टी के साथ विश्वासघात बर्दाश्त नहीं-AAP

पार्टी ने कहा कि उसका संदेश साफ है कि "जनादेश और पार्टी के साथ विश्वासघात किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।" पार्टी ने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उसने कहा, "चुनाव कोई एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरी पार्टी मिलकर लड़ती है।"

सिटी एसपी जोन में शुरुआत में आप के सात, भाजपा के चार और फॉरवर्ड ब्लॉक का एक पार्षद था। लेकिन नतीजे घोषित होने पर भाजपा उम्मीदवार उषा शर्मा को सात वोट मिले और वह अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि आप उम्मीदवार को पांच वोट मिले। आप के दो पार्षदों की क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा उम्मीदवार की जीत हुई।

12 में से 10 वार्ड समितियों में बीजेपी की जीत

बीजेपी ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम की 12 में से 10 वार्ड समितियों में अध्यक्ष का पद जीत लिया। साथ ही, निगम की स्थायी समिति की छह में से पांच सीटों पर भी जीत दर्ज की। आम आदमी पार्टी ने बाकी दो वार्ड समितियों के अध्यक्ष पद और स्थायी समिति की एक सीट पर जीत हासिल की। इन नतीजों के बाद 18 सदस्यीय स्थायी समिति में भाजपा का बहुमत और मजबूत हो गया है। अब समिति में भाजपा के 12 और आम आदमी पार्टी के छह सदस्य हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article