शहर

पंजाब के अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग से मचा हड़कंप, AAP नेता जयपाल सिंह बाऊ समेत दो लोग घायल

पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता जयपाल सिंह बाऊ पर सरेआम फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पार्किंग विवाद को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गया, जिसमें जयपाल सिंह बाऊ समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

Image

AAP नेता जयपाल सिंह बाऊ (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jaipal Singh Bau: पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता जयपाल सिंह बाऊ पर सरेआम फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घायल अवस्था में जयपाल सिंह बाऊ को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना अमृतसर के कोट आत्मा राम क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया।

जयपाल सिंह बाऊ समेत दो लोग हुए घायल

इस फायरिंग में आम आदमी पार्टी से जुड़े जयपाल सिंह बाऊ और नरेंद्र सिंह घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि जयपाल सिंह बाऊ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ वॉलंटियर हैं और अमृतसर के वार्ड नंबर 42 के प्रभारी भी रह चुके हैं। वह नगर निगम चुनाव में भी वार्ड नंबर 42 से पार्टी प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ चुके हैं।

पूरे मामले की जांच जारी

घटना के बाद आम आदमी पार्टी के दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. इंदरवीर सिंह निज्जर भी अस्पताल पहुंचे और घायल जयपाल सिंह बाऊ का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. निज्जर ने कहा कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल किसी राजनीतिक दुश्मनी की पुष्टि नहीं हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

कई राउंड गोलियां चलाई गईं

वहीं वार्ड नंबर 47 के काउंसलर वरपाल सिंह बब्बर ने बताया कि जयपाल सिंह उनके करीबी सहयोगी हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वाहन पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गोलीबारी शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि फायरिंग के दौरान जयपाल सिंह को गोली लगी, जबकि मौके पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। वरपाल सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जयपाल सिंह के बेटे पर भी हमला करने की कोशिश की गई।

आत्मरक्षा में चलाई गई थी गोली

इस मामले में थाना बी डिवीजन के पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि करण नामक युवक और तजिंदर सिंह के बीच पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से फायरिंग हुई। पुलिस के अनुसार दूसरे पक्ष का दावा है कि गोली आत्मरक्षा में चलाई गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article