Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच जुबानी हमले और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। मंगलवार को दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने प्रदूषण पर भाजपा पर हमला बोला। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या बहुत गंभीर हो गई है। एम्स सहित राजधानी के सभी बड़े अस्पताल श्वास के मरीजों से भरे पड़े हैं लेकिन भाजपा प्रदूषण की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। AAP नेता ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदूषण की समस्या पर जब सदन में चर्चा कराने की मांग करती है तो भाजपा के सदस्य सदन से वॉक आउट कर जाते हैं। आतिशी ने कहा कि भाजपा को यह 'ड्रामेबाजी' बंद करनी चाहिए।
प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा से भाग रही दिल्ली सरकार-आतिशी
आतिशी ने कहा, 'भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार प्रदूषण के मुद्दे से भाग रही है। आज दिल्ली में सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण है, जब आम आदमी पार्टी प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा की मांग करती है, तो बीजेपी चर्चा से बचने के लिए बहाने बनाती है…यह सारा ड्रामा क्यों किया जा रहा है? बीजेपी प्रदूषण पर चर्चा से इसलिए बचना चाहती है क्योंकि उसके पास कोई जवाब नहीं है...हम मांग करते हैं कि यह नाटक तुरंत बंद किया जाए और प्रदूषण के मुद्दे पर तत्काल चर्चा की जाए।'
तीन दिन के लिए निलंबित हुए AAP के चार विधायक
बता दें कि प्रदूषण के मुद्दे पर AAP लगातार भाजपा को घेर रही है। सदन में आप के विधायकों ने इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन से उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण में कथित रूप से बाधा उत्पन्न हुई जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप विधायकों संजीव झा, सोम दत्त, कुलदीप कुमार और जरनैल सिंह को सदन से बाहर करने का आदेश दिया। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद जब सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, तो पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने चार विधायकों के निलंबन का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव पढ़ते हुए सिंह ने कहा, 'संजीव झा, कुलदीप कुमार, सोम दत्त और जरनैल सिंह को सदन में व्यवधान पैदा करने के कारण सत्र के शेष तीन दिन के लिए निलंबित किया जाना चाहिए।' सदन ने प्रस्ताव पारित कर दिया।
मंगलवार सुबह ‘खराब’ श्रेणी में रही वायु गुणवत्ता
दिल्ली में वायु गुणवत्ता मंगलवार सुबह ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही और औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 293 दर्ज किया गया। स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, चांदनी चौक में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही। चांदनी चौक में वायु गुणवत्ता 352 रही जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आती है। इसके अलावा 20 स्टेशन में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ रही, 15 स्टेशन में यह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई और दो स्टेशन पर वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। सीपीसीबी के वर्गीकरण के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। सोमवार को शहर का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 244 रहा जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
