शहर

रंगों के साथ देशभक्ति का घोलें रंग, शहीदों के नाम उछालें एक मुट्ठी गुलाल; 'आप' सांसद ने की खास अपील

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल ने देशवासियों से आग्रह किया कि इस होली पर जब भी रंगों का उत्सव मनाएं, तो एक मुट्ठी लाल गुलाल आसमान की ओर उछालें। एक प्रतीक के रूप में, सम्मान के रूप में, उन शहीदों के नाम, जिनके बलिदान के कारण हम सुकून और सुरक्षा के साथ हर त्योहार मना पाते हैं।

Image

शहीदों के नाम मनाएं होली

चंडीगढ़ : इस होली के रंगों के बीच एक ऐसी आवाज़ भी गूंज रही है जो सिर्फ उत्सव की नहीं, बल्कि कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल ने इस बार होली को एक विशेष संकल्प के साथ मनाने की अपील की है, एक ऐसा संकल्प जो हर भारतीय के दिल को छूता है। मित्तल ने कहा कि हम आज़ाद भारत में जो भी त्योहार मनाते हैं, जो भी खुशियां साझा करते हैं, जो भी रंग अपने जीवन में भरते हैं, वह उन वीर जवानों के कारण संभव है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी शहादत ही हमारी आज़ादी की असली नींव है।

देशवासियों से किया ये आग्रह

उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया कि इस होली पर जब भी रंगों का उत्सव मनाएं, तो एक मुट्ठी लाल गुलाल आसमान की ओर उछालें। एक प्रतीक के रूप में, सम्मान के रूप में, उन शहीदों के नाम, जिनके बलिदान के कारण हम सुकून और सुरक्षा के साथ हर त्योहार मना पाते हैं। डॉ. अशोक मित्तल ने इसे केवल एक भावनात्मक अपील नहीं, बल्कि जनभावना से जुड़ा एक राष्ट्रव्यापी संदेश बताया। उनका कहना है कि “रंग सिर्फ खुशियों के नहीं, जिम्मेदारी के भी होते हैं। अगर हर घर, हर शहर, हर गली इस एक छोटे से संकल्प से जुड़ जाए, तो यह सिर्फ श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन बन सकता है।

उन्होंने पंजाब की जनता का विशेष रूप से आह्वान करते हुए कहा कि यह वही धरती है जिसने देश को असंख्य वीर सपूत दिए हैं। पंजाब की मिट्टी में शौर्य और बलिदान की परंपरा रची-बसी है। ऐसे में इस बार होली का एक रंग उन शहीदों के नाम होना चाहिए, जिन्होंने सीमा पर खड़े होकर देश की रक्षा की और हमें सुरक्षित भविष्य दिया।

उन्होंने #EkMutthiGulaal अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक हैशटैग नहीं, बल्कि एक भाव है, देश के साथ, देश के लिए… हमेशा। होली की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. अशोक मित्तल ने कहा कि इस बार रंगों के साथ-साथ दिलों में भी देशभक्ति का रंग घुलना चाहिए। शहीदों को नमन, देश को प्रणाम, और हर भारतीय के लिए प्रेम, सम्मान और एकता का संदेश, यही इस होली का सच्चा अर्थ है, जय हिंद।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article