पंजाब में कांग्रेस के सीनियर लीडर प्रताप सिंह बाजवा की ओर से कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह के खिलाफ हालिया में दिए गये बयानों को लेकर राज्य में राजनीतिक हलचलें तेज हो गई हैं। खासकर, सरकार में बैठी आम आदमी पार्टी ने उनके बयानों की कड़ी निंदा करते हुए विरोध दर्ज कराया। कहा कि कथित बयान साधारण परिवारों का अपमान है। लिहजा, 'आप' नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए रोष जताया।
पंजाब में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी शुक्रवार को कांग्रेसी नेता और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. के खिलाफ की गई शर्मनाक, जातिवादी और अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में पूरे राज्य में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी का कहना है कि यह सिर्फ एक मंत्री का नहीं, बल्कि समूचे दलित समुदाय और मेहनतकश मजदूरों का अपमान है।
दलितों-श्रमिक वर्ग को नीचा दिखाने की कोशिश-'आप'
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि कांग्रेस की दलित विरोधी मानसिकता एक बार फिर पंजाब के लोगों के सामने बेनकाब हो गई है। पन्नू ने चेतावनी दी कि पार्टी राज्य में किसी को भी दलितों को नीचा दिखाने या श्रमिक वर्ग के लोगों की इज्जत को ठेस पहुंचाने की इजाजत नहीं देगी।
बलतेज पन्नू ने कहा कि बाजवा की टिप्पणी पंजाब के उन मेहनतकश लोगों का भी सीधा अपमान है, खासकर बैंड-बाजा बजाने वाले कलाकारों, दिहाड़ीदार मजदूरों और अन्य कलाकारों का, जो शादियों, धार्मिक समारोहों और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान अथक मेहनत करते हैं।
बलतेज पन्नू ने कांग्रेस हाईकमान को चुनौती दी कि वे स्पष्ट करें कि क्या प्रताप बाजवा की जातिवादी भाषा पार्टी की आधिकारिक सोच है? क्या कांग्रेस बाजवा की अपमानजनक टिप्पणियों के साथ खड़ी है? क्या कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सार्वजनिक रूप से उनकी निंदा करेंगे, या वे फिर से चुप रहेंगे, जैसा कि वे हमेशा दलितों पर हमले या अपमान के समय करते आए हैं? बलतेज पन्नू ने कहा कि कांग्रेस की चुप्पी ही साबित करती है कि बाजवा का बयान निजी गलती नहीं थी, बल्कि कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा और मानसिकता है।
इन जिलों में 'आप' ने किया प्रदर्शन
होशियारपुर, कपूरथला, एस.बी.एस. नगर, अमृतसर, पठानकोट, तरनतारन, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, मोगा, मलेरकोटला, पटियाला, रूपनगर, संगरूर, बठिंडा, फाजिल्का, फिरोजपुर, मानसा, श्री मुक्तसर साहिब, बरनाला और एस.ए.एस. नगर समेत पूरे पंजाब में रोष प्रदर्शन हुए। 'आप' के मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ आवाज बुलंद की।
