Aaj Ka Mausam India: नवंबर माह में सर्दी का रुख काफी बेरुख रहा और दिसंबर का पहला सप्ताह भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम ठंड के साथ गुजरने वाला है। देश के तमाम राज्यों को अभी कड़ाके की सर्दी का इंतजार है। तापमान की बात करें तो अभी सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। इधर, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने जीना मुहाल कर रखा है। जहरीली हवा ने स्वास्थ्य पर बुरा असर डाला है। बहरहाल, मैदानी इलाकों में सुबह, शाम और रात में ठीक-ठाक सर्दी पड़ रही है। फिलहाल, अभी किसी भी राज्य में कोहरे का व्यापक असर नहीं दिख रहा है। सुबह के वक्त मामूली कोहरा ही देखने को मिल रहा है। उधर, दक्षिण के राज्यों में समुद्री चक्रवात फेंगल का असर अभी भी देखा जा रहा है। समुद्र तटीय राज्यों में बारिश दर्ज की जा रही है। आइये जानते हैं, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम के क्या हाल है?
हरियाणा-पंजाब में कोहरा (Fog in Haryana-Punjab)
दिसंबर के पहले सप्ताह में हरियाणा और पंजाब में मामूली कोहरा देखने को मिल रहा है। उधर, आंध्र प्रदेश और यमन में 80 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर के साथ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जल्द ही कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। आईएमडी ने बताया कि राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में 7 दिसंबर को और पहाड़ी इलाकों में 8 दिसंबर को एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) बनने की संभावना है, जिससे हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। साथ ही कश्मीर, हिमाचल के ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।
दिल्ली में क्या है सर्दी का सीन?
IMD के मुताबिक, लगातार बदल रहे मौसम प्रणाली की वजह से दिल्ली में अभी ठंड का इंतजार करना होगा। उधर, 8 दिसंबर से जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी का अंदेशा है। लेकिन, दिल्ली-एनसीआर में इसका प्रभाव काफी कम रहेगा। लेकिन, 9 से 10 दिसंबर को घना कोहरा राजधानी और आसपास के इलाकों में दिखाई दे सकता है। इसके अतिरिक्त 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार दिल्ली में 50 दिन बाद स्वच्छ हवा के साथ दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 2.5 डिग्री अधिक है तथा दिन में आर्द्रता का स्तर 66 से 44 प्रतिशत के बीच रहा। गुरुवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है तथा अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
| मेट्रो सिटी का नाम | न्यूनतम/अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 17/25 डिग्री सेल्सियस |
| मुंबई | 27/35 डिग्री सेल्सियस |
| कोलकाता | 19/29 डिग्री सेल्सियस |
| हैदराबाद | 22/31 डिग्री सेल्सियस |
| अहमदाबाद | 21/32 डिग्री सेल्सियस |
| बेंगलुरु | 20/26 डिग्री सेल्सियस |
| चेन्नई | 25/29 डिग्री सेल्सियस |
| पुणे | 21/31 डिग्री सेल्सियस |
| जम्मू-कश्मीर | -5/03 डिग्री सेल्सियस |
यूपी में मौसम का बदला मिजाज, तेज हवाएं चलीं
उत्तर प्रदेश में अगले 36 घंटे में मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा। बुधवार सुबह से 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। आने वाले 2 से 3 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। आईएमडी के आंकड़ों के यूपी के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा। चुर्क में सबसे कम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अतिरिक्त कानपुर, मेरठ, निजाबाबद और मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आस पास रिकॉर्ड के आसपास है।
बिहार में कोहरे की मार
बिहार के ज्यादातर जिलों में इन दिनों तेजी से बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में हो रहा यह बदलाव आने वाले समय में सर्दी को बढ़ा देगा। आने वाले समय में बिहार में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। आज 4 दिसंबर सुबह से ही 15 जिलों में कोहरा छाया हुआ है। आने वाले दिनों में कोहरे और ठंड बढ़ोतरी की संभावना व्यक्त की गई है।
इन राज्यों में सामान्य से अधिक तापमान
आईएमडी का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के साथ देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि 7 से 8 दिसंबर के बाद इसमें गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, असम और मेघायल के कुछ भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3 से -1 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।
फेंगल तूफान का प्रभाव
हालांकि, देश में आज बारिश का कोई अलर्ट नहीं। लेकिन, फेंगल तूफान के प्रभाव से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, आंतरिक कर्नाटक, लक्ष्यद्वीप और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है।
मुंबई में गर्मी का प्रकोप
महाराष्ट्र के मुंबई में बुधवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो यहां पिछले 16 वर्ष में दिसंबर का सबसे गर्म दिन रहा। उपनगरों के तापमान पर नजर रखने वाली सांताक्रूज वेधशाला ने बताया कि मुंबई में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलाबा मौसम केंद्र ने यहां का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। आईएमडी मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि कलिना वेधशाला ने पांच दिसंबर 2008 को मुंबई का तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। पिछले सप्ताह 29 नवंबर को मुंबई का न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले आठ वर्षों में नवंबर में सबसे कम तापमान था।
