LIVE
कोहरा, शीतलहर और बारिश; उत्तर भारत ठंड में 'Cold Day', दक्षिणी राज्यों में अगले 24 घंटे भारी
देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में दक्षिण भारत के कई राज्यों में आंधी के साथ बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जबकि उत्तर और मध्य भारत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की गिरफ्त में रहेगा। पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के बावजूद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने और कई स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आईएमडी ने उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे दृश्यता कम होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। आइए जानते हैं कैसा रहने वाला है आपके शहर में मौसम का हाल।
7 से 10 जनवरी के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर चलने का अनुमान है। करीब एक दर्जन राज्यों में घने से अति घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित रह सकता है, वहीं कई जगह कोल्ड डे की स्थिति बनेगी। दूसरी ओर, दक्षिण भारत में केरल, तटीय तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भी कोहरे और बर्फबारी से ठंड का असर बना रहेगा। देखें शहरों के मौसम का लाइव अपडेट।
JAN 07, 2026 14:47 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: राजस्थान में क्या है मौसम का हाल
राजस्थान में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। माउंट आबू, सीकर और सिरोही में तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। ठंड के चलते 26 जिलों में 8वीं तक स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में कोहरे और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है और 10 जनवरी तक राहत की संभावना नहीं जताई है।
JAN 07, 2026 13:48 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: ठंड के कारण MP के स्कूलों की छुट्टी
मध्यप्रदेश में पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड जारी है, जिसके चलते इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, मंदसौर, शाजापुर समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। इंदौर, रायसेन, ग्वालियर और नर्मदापुरम में बुधवार को भी स्कूल बंद रहेंगे, जबकि भोपाल, धार, सीहोर, अनूपपुर, बड़वानी, मुरैना और खरगोन में स्कूल सुबह 9 बजे के बाद ही खुलेंगे। ठंड का असर बरकरार रहने से बच्चों को स्कूल पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
JAN 07, 2026 11:25 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: बिहार में मौसम का हाल
बिहार में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। पटना, समस्तीपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जबकि समस्तीपुर में यह 3.9 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने 23 जिलों में कोहरे और ‘कोल्ड-डे’ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अगले चार दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे में पटना, बेगूसराय, दरभंगा समेत 10 जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जहां विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री या उससे कम दर्ज किया गया।
JAN 07, 2026 10:53 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: हरियाणा में 10 तारीख तक राहत नहीं
हरियाणा में शीतलहर और सूखी ठंड ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। IMD ने 10 जनवरी तक राहत की संभावना न होने की चेतावनी दी है और सिरसा, हिसार, जींद, भिवानी समेत कई जिलों में ‘कोल्ड डे’ अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं से पहाड़ों की बर्फीली ठंड मैदानों तक पहुंच रही है, जिससे तापमान गिरकर नारनौल में 4 डिग्री तक दर्ज हुआ। ठंड और कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है, हिसार में 3 ट्रेनें लेट हुईं, अंबाला कैंट में 18 ट्रेनें विलंबित रहीं और गुरुग्राम में 2 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं।
JAN 07, 2026 10:24 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में बढ़ा शीतलहर का असर
चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में शीतलहर का असर बढ़ गया है और मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोग जगह-जगह अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री, सिरसा में 4.8 डिग्री और भिवानी में 5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं पंजाब के बठिंडा में 4.6, एसबीएस नगर में 5.3 और गुरदासपुर में 5.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
JAN 07, 2026 09:21 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: MP में कड़ाके की सर्दी
मध्यप्रदेश में कड़ाके की सर्दी जारी है। आधे से ज्यादा हिस्से में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि 9 जिलों में शीतलहर और कोल्ड डे का असर देखा जा रहा है। रात का तापमान रिकॉर्ड 2 डिग्री तक गिर गया है और भोपाल में जनवरी की ठंड ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इंदौर, रायसेन, ग्वालियर और नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग ने भोपाल, सीहोर, राजगढ़ और शाजापुर में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है, वहीं कई जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
JAN 07, 2026 08:41 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: क्या होता है Cold Day?
मौसम विज्ञान के अनुसार जब मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए और अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे आ जाए, तो उस दिन को ‘कोल्ड डे’ माना जाता है। ऐसी स्थिति में ठंडी हवाएं और धूप की कमी सर्दी को और ज्यादा महसूस कराती हैं। दिल्ली में आज कोल्ड डे घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतें और सुबह-शाम के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
JAN 07, 2026 08:23 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: हरियाणा-पंजाब के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर भारत में ठंड और ज्यादा बढ़ने वाली है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे शीतलहर की स्थिति बन सकती है। आज दिल्ली समेत हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते ही ठंड फिर से तेज हो जाएगी और लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा।
JAN 07, 2026 08:10 IST
Aaj Ka Mausam LIVE Update: दिल्ली का मौसम
दिल्ली-NCR में आज मौसम काफी ठंडा रहने वाला है। आज दिनभर चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट जारी रहेगी और सर्दी का असर और बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे क्षेत्र में हल्का कोहरा छाया रहेगा। न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
