LIVE

दिल्ली-एनसीआर और यूपी में हीटवेव का येलो अलर्ट, गर्मी से फिलहाल कोई राहत नहीं

Nishant TiwariUpdated Apr 24, 2025, 18:43 IST

गर्मी से बेहाल देश के लिए फिलहाल कोई राहत की खबर नजर नहीं आ रही है। दिल्ली, यूपी और बिहार के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हीटवेव की चेतावनी देने के साथ मौसम विभाग ने रविवार से कुछ जगहों पर थोड़ी राहत की उम्मीद जताई है।

दिल्ली-एनसीआर और यूपी में हीटवेव का येलो अलर्ट, गर्मी से फिलहाल कोई राहत नहीं
दिल्ली-एनसीआर और यूपी में हीटवेव का येलो अलर्ट, गर्मी से फिलहाल कोई राहत नहीं

गर्मी का कहर कम होता नहीं दिख रहा है। दिल्ली में इस हफ्ते हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। IMD ने यूपी और बिहार में भी लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के मौसम में कुछ गिरावट देखी जाए लेकिन आने वाले दिनों में फिलहाल कोई राहत नहीं दिख रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों में आज मौसम का हाल इस प्रकार है:

APR 24, 2025 18:43 IST

यूपी कल का मौसम


यूपी में लू थपेड़े अभी से परेशान कर रहे हैं। चिलचिलाती धूप से लोगों का हाल-बेहाल है। दिन में सूरज की तपिश और रात में गर्माहट हो रही है। राज्य की राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, वाराणसी, सुलतानपुर, अमेठी, बाराबंकी, झांसी और आगरा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने 37 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान है कि प्रदेश में हीटवेव की तीव्रता बढ़ेगी और दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलेंगी।
APR 24, 2025 15:28 IST

ओडिशा में भी भीषण गर्मी का अलर्ट जारी

आईएमडी ने ने ओडिशा के कई हिस्सों में गुरुवार को भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। जिसके चलते यह चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने सुंदरगढ़, संबलपुर, सोनपुर, बौध, बोलनगीर और बरगढ़ जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है वहीं कालाहांडी, नुआपाड़ा, देवगढ़ और अंगुल जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम, गजपति, क्योंझरगढ़ और ढेंकनाल में मौसम गर्म रहेगा। आईएमडी के अनुसार संबलपुर, सुंदरगढ़, बोलनगीर और मयूरभंज में रात में तापमान अधिक रहेगा।
APR 24, 2025 14:22 IST

दिल्ली में आज सुबह 20 डिग्री रहा तापमान

दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को आसमान साफ ​​रहने और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
APR 24, 2025 13:12 IST

राजस्थान में बाड़मेर रहा सबसे गर्म शहर

राजस्थान में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। राज्य में न्यूनतम तापमान बाड़मेर में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के ज्यादातर भागों में हवा में आर्द्रता की औसतन 06 से 53 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गयी।
APR 24, 2025 12:40 IST

झारखंड के इन जिलों में भीषण गर्मी का अलर्ट

झारखंड के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है और डाल्टनगंज में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश के सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए 26 अप्रैल तक भीषण गर्मी का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य भर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी क्षेत्र के लिए भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।
APR 24, 2025 11:13 IST

दिल्ली में रिज रहा सबसे गर्म इलाका

APR 24, 2025 11:11 IST

तीन साल की गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ सकता है अप्रैल

दिल्ली में इस महीने के तापमान पर नजर डालने पर अप्रैल पिछले तीन सालों के सबसे गर्म महीना बनने की तरफ बढ़ रहा है। महीने का अब तक का औसत अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस है। इससे ज्यादा यह 2022 में 40.4 डिग्री रहा था।
APR 24, 2025 09:08 IST

इन जगहों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी

दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने लू के चलते दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है और इस दौरान सावधान रहने की चेतावनी दी है। ऐसा ही हाल उत्तर प्रदेश में भी है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 तारीख तक कोई राहत नहीं दिख रही है, इन इलाकों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के उत्तर-पश्चिमी इलाके भी लू की मार से त्रस्त रहेंगे। मौसम विभाग ने इन सभी जगहों पर लोगों को इन दिनों के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है।
APR 24, 2025 09:07 IST

राजस्थान में 40 के आसपास रहेगा पारा

राजस्थान में भयंकर गर्मी और लू के बाद कुछ इलाकों में गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री के आस-पास दर्ज किया जा रहा है और तापमान में लगातार बढ़त ही देखने को मिल रही है। पिछले 24 घंटों में राज्य में सर्वाधिक तापमान कोटा में 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अगले 2 दिनों तक हीट वेव से राहत रहने की उम्मीद है इसके बाद फिर तापमान में बढ़त दर्ज की जा सकती है।
APR 24, 2025 09:06 IST

दिल्ली में गर्मी से इस हफ्ते नहीं मिलेगी राहत

दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है। दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया जाएगा। राजधानी और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने 25 अप्रैल और 26 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद थोड़ी राहत की उम्मीद है लेकिन दिल्ली-NCR को अगले सप्ताह से भीषण गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।
APR 24, 2025 09:05 IST

भीषण गर्मी की मार झेल रहा बिहार

बिहार में भी अगले कई दिनों तक गर्मी का कहर देखने को मिलेगा। 27 तारीख तक राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में लू चल सकती है। पूर्वी चम्पारण,पश्चिम-चम्पारण,शिवहर,गोपालगंज और सीतामढ़ी जिले में लू चलेगी। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। पटना में आज का अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक जा सकता है।
APR 24, 2025 09:05 IST

उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में अगले कई दिनों गर्मी का यही हाल रहने वाला है। कई जिलों का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच रहा है रहा है। ऐसी गर्मी में दोपहर के समय बाहर निकलना जोखिम भरा काम है। मौसम विभाग के मुताबिक, वाराणसी में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और लखनऊ में 41 डिग्री सेल्सियस। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल तक अप्रैल पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने की आशंका जताई है।