शहर

मई में मानसून जैसी बरसात! दिल्ली-NCR में आज सुबह आंधी-बारिश का डबल अटैक, हरियाणा से बिहार तक बरसे बादल; IMD का अलर्ट जारी

Aaj Ka Mausam, 02 May 2025, आज का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: आज सुबह दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, राजस्थान समेत कई जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश दर्ज की गई। जिससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। तेज हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि बारिश ने सड़कों को जलमग्न कर दिया है। आईएमडी ने आज दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Image

दिल्ली में हुई जोरदार बारिश

Photo : ANI

Aaj Ka Mausam (आज का मौसम कैसा रहेगा) 2-May-2025:: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में मौसम का मूड बदल गया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश हुई। साथ ही कहीं-कहीं आंधी और तूफान भी देखने को मिला। मौसम में हुए इस अचानक बदलाव से तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज हुई है। जिससे गर्मी से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में भीषण तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने के लिए रेड से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तूफान के दौरान लोगों को घर के अंदर रहने, खिड़कियां बंद रखने और यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।

दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद भारी बारिश

दिल्ली-एनसीआर में आज तड़के धूल भरी आंधी चली। जिसके बाद भारी बारिश शुरू हो गई। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक भी दर्ज हुई। बारिश के कारण दिल्ली में जगह-जगह सड़कें जलमग्न हो गईं। वहीं आंधी के चलते कई जगहों पर पेड़ भी गिर गए। जिससे यातायात भी बाधित हुआ। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।

दिल्ली में आज रेड अलर्ट जारी

आईएमडी ने आज दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भयंकर तूफान की चेतावनी दी गई। राजधानी में गुरुवार देर रात को भी बारिश हुई। जिससे गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। इस दौरान तापमान में भी कमी देखने को मिली। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान औसत से 0.7 डिग्री कम 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान औसत से 2.1 डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यूपी में आज सुबह झोंकेदार हवाओं के साथ हुई बारिश

उत्तर प्रदेश में भी आज कई शहरों में सुबह-सुबह बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कहीं-कहीं आंधी और तेज झोंकेदार हवाएं भी चली। इस बेमौसम बारिश के चलते कई शहरों में मौसम सुहावना हो गया। नोएडा में भी आज तड़के धूल भरी आंधी के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। आंधी-बारिश के चलते कई जगहों पर बिजली भी गुल हो गई। हालांकि मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। यूपी में आज पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। फिलहाल यूपी में आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला बरकरार रह सकता है।

बिहार में बारिश के साथ गिरे ओले

बिहार में भी इन दिनों मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। गुरुवार को प्रदेश में अचानक भारी बारिश हुई। इस दौरान कई जगहों पर ओले भी गिरे। बारिश और ओलावृ्ष्टि से तापमान में भी कमी दर्ज की गई। जिससे गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आज बिहार में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिसके बाद कल भी प्रदेश के सभी 38 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान में मौसम ने बदली करवट

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान का मौसम भी बदल गया है। जिसका असर कई जिलों में देखने को भी मिल रहा है। गुरुवार दोपहर के बाद जयपुर समेत कई जिलों में अचानक तेज हवाओं के संग बारिश शुरू हो गई। इस दौरान जयपुर के परकोटे और विद्याधर नगर में ओले भी गिरे। मौसम में हुए इस बदलाव से तापमान में कमी आने के साथ ही गर्मी से भी राहत मिली। आज राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ राज्यों में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार आज झारखंड में भी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी शुक्रवार को हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। इस अवधि में पश्चिमी हिस्से में लू के प्रभाव में कमी आएगी और अधिकतम तापमान भी 38 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी आज हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं के चलने की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड-हिमाचल में गिरेगी बर्फ

मौसम विभाग ने आज पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड में आज हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की भ संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी आज ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं निचले इलाकों में बारिश दर्ज की जा सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article