उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का नया दौर पिछले दो-तीन दिन से जारी है। शनिवार 11 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर सहित कई मैदानी इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पहाड़ी इलाकों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी ठिठुरन और गलन बढ़ गई है। अब एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है, जिसके कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
कई राज्यों में 3-4 दिन में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 14 जनवरी की से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपर सक्रिय होगा। इस नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का नया दौर शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही 15 से 17 जनवरी तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर के मैदानी इलाकों में बारिश की भविष्यवाणी IMD ने की है।
15 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के साथ ही समूचे उत्तर प्रदेश में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर में भी घने कोहरा रहने की संभावना है। उत्तर पूर्वी राज्यों विशेष तौर पर असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा भी घने कोहरा रहने की संभावना है।
16 जनवरी को भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। लेकिन समूचे उत्तर प्रदेश के साथ असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा भी घना कोहरा रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 जनवरी को भी पंजाब-हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में बारिश हो सकती है, लेकिन इसके लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
यहां भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में यानी पूर्वी श्रीलंका और उसके आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन देखने को मिल रहा है। इसके चलते तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में 13 और 14 जनवरी को बारिश और थंडरस्टॉर्म की चेतावनी दी गई है। हालांकि, 15 जनवरी को इन दोनों राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 16 जनवरी को भी यहां बारिश हो सकती है। लेकिन 17-18 जनवरी को मौसम साफ बने रहने का अनुमान है।
