शहर

Rain Alert: आ रहा है एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, इन राज्यों में 2-3 दिन में भारी बारिश की चेतावनी

हड्डियां कंपाने वाली ठंड के साथ ही कोहरे का डबल अटैक इन दिनों उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों के लोगों को परेशान कर रहा है। कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश ने इस ठंड को बढ़ाने का ही काम किया है। सूर्य के दर्शन नहीं होने से ठंड और भी ज्यादा महसूस हो रही है। लेकिन अब कुछ राज्यों में अगले तीन-चार दिन में बारिश की चेतावनी दी गई है।

Image

कई राज्यों में 3-4 दिन में बारिश की चेतावनी

Photo : PTI

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का नया दौर पिछले दो-तीन दिन से जारी है। शनिवार 11 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर सहित कई मैदानी इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पहाड़ी इलाकों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी ठिठुरन और गलन बढ़ गई है। अब एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है, जिसके कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 14 जनवरी की से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपर सक्रिय होगा। इस नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का नया दौर शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही 15 से 17 जनवरी तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर के मैदानी इलाकों में बारिश की भविष्यवाणी IMD ने की है।

15 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के साथ ही समूचे उत्तर प्रदेश में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर में भी घने कोहरा रहने की संभावना है। उत्तर पूर्वी राज्यों विशेष तौर पर असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा भी घने कोहरा रहने की संभावना है।

16 जनवरी को भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। लेकिन समूचे उत्तर प्रदेश के साथ असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा भी घना कोहरा रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि 16 जनवरी को भी पंजाब-हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में बारिश हो सकती है, लेकिन इसके लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

यहां भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में यानी पूर्वी श्रीलंका और उसके आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन देखने को मिल रहा है। इसके चलते तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में 13 और 14 जनवरी को बारिश और थंडरस्टॉर्म की चेतावनी दी गई है। हालांकि, 15 जनवरी को इन दोनों राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 16 जनवरी को भी यहां बारिश हो सकती है। लेकिन 17-18 जनवरी को मौसम साफ बने रहने का अनुमान है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article