इंदौर: आजकल युवा पीढ़ी नशे की आदी होती जा रही है। सिगरेट पीना तो जैसे फैशन बन गया है। दिमाग को फ्रेस रखने के लिए इसे शौकिया बढ़ावा दिया जा रहा है। पहले तो ज्यादातर मादक पदार्थों का सेवन पुरुष करते थे, लेकिन ये चलन महिलाओं को भी भा रहा है। ऐसे में इंदौर में एक बुजुर्ग लड़िकयों को सिगरेट पीता देख भड़क गया। उसने उक्त कैफे में आग लगा दी, जहां लड़कियां बैठकर धुएं के छल्ले उड़ाती थीं। आग से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने जब बुजुर्ग को पकड़ा तो उन्होंने बताया कि वे लड़कियों को यहां पर सिगरेट पीता देख परेशान होते थे। बुजुर्ग ने बताया कि युवा पीढ़ी को सुधारने का उन्हें यही तरीका बेहतर लगा। हालांकि, उन्होंने पुलिस से यह भी कहा कि कैफे संचालक को वे पांच लाख रुपये दे सकते हैं ताकि, वो अपने नुकसान की भरपाई कर लेगा।
फिल्म शहंशाह से प्रभावित है विजय
दरअसल, 70 साल के विजय माठे बिग बी अमिताभ बच्चन की फिल्म शहंशाह से काफी प्रभावित हैं। पुलिस अधिकारी तारेश सोनी ने बताया कि स्कीम-78 में स्काई कार्पोरेट के पास 'द स्ट्रेट' के नाम से शुभम भोलाराम चौधरी का कैफे स्थित है। सोमवार-मंगलवार की रात कैफे में आग लगने की सूचना मिली थी। जब मालिक शुभम वहां पहुंचा तो देखा आग इतनी भीषण थी कि फर्नीचर, डी-फ्रीजर, फ्रीज, काफी मशीन, समोसा मशीन, मिक्सर, डीप फ्रायर, इनडेक्शशन, पिज्जा ओवन, समोसा ओवन सहित सारा सामान जलकर राख हो गया है। पहले तो आग शार्ट सर्किट के कारण लगी होने की शंका जाहिर हुई, लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज के जरिए घटना को अंजाम देने वाले बुजुर्ग के बारे में पता चला। मालिक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग विजय को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी विजय ने पुलिस को बताया कि वहां लड़कियां सिगरेट पीती हैं, इससे माहौल खराब हो रहा था। मैंने तो समाज को सुधारने के लिए आग लगाई है। जब पुलिस ने फटकार लगाई और कैफे में पांच लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही तो इस पर विजय ने कहा कि मैं पांच लाख रुपये मालिक को दे दूंगा। पुलिस के अनुसार विजय थाने में भी बहकी बहकी बातें कर रहा था। पूछताछ चल रही है, आगे की कार्रवाई की जाएगी।
