शहर

Noida में घर खरीदने का सपना होगा साकार, आम्रपाली सिलिकॉन सिटी में 668 नए फ्लैट का रास्ता साफ

नोएडा सेक्टर 76 में स्थित आम्रपाली सिलिकॉन सिटी सोसाइटी में 668 नए फ्लैटों का निर्माण होने जा रहा है। ये फ्लैट सात नए टावरों में बनाए जाएंगे और सभी तीन या चार बेडरूम वाले होंगे। इस परियोजना को अंजाम देने की जिम्मेदारी एनबीसीसी को सौंपी गई है। एनबीसीसी ने इस परियोजना के लिए नोएडा प्राधिकरण से नक्शा मंजूरी के लिए आवेदन किया है और प्राधिकरण ने इस आवेदन पर विचार करना शुरू कर दिया है-

Image

फाइल फोटो

Photo : iStock

Noida: नोएडा सेक्टर 76 स्थित आम्रपाली सिलिकॉन सिटी सोसाइटी में खाली पड़ी जगह में 668 नए फ्लैट बनाए जाएंगे। सात टावर में ये फ्लैट बनाए जाएंगे। सभी फ्लैट तीन और चार बीएचके के होंगे। फ्लैट बनाने के लिए एनबीसीसी ने नक्शा मंजूरी के लिए नोएडा प्राधिकरण में आवेदन किया है। अब प्राधिकरण ने कागजातों की जांच शुरू कर दी है।

बिल्डर ने पास कराया नक्शा

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नेशनल बिल्डिग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड-एनबीसीसी- आम्रपाली की अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने का काम कर रहा है। नोएडा में स्थित आम्रपाली सिलिकॉन सिटी सोसाइटी में जगह खाली पड़ी है। पहले आम्रपाली बिल्डर ने इस जमीन पर फ्लैट बनाने का नक्शा पास करा लिया था, लेकिन बाद में बिल्डर विवादों में फंस गया और यह परियोजना अधूरी रह गई। नक्शा पास कराने के बाद तय समय में काम शुरू करना होता है, जो नहीं किया। अब एनबीसीसी इस परियोजना को पूरा कराएगी।

बनाए जाएंगे 668 फ्लैट

एनबीसीसी ने नए सिरे से फ्लैट बनाने की योजना तैयार की है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि नक्शे के मुताबिक, खाली पड़ी 36 हजार वर्ग मीटर जमीन में 7 टावर बनाए जाएंगे। यह टावर 27-27 मंजिल के होंगे। इनमें 668 फ्लैट बन सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि एनबीसीसी की तरफ से आवेदन आया है। आवेदन आने के साथ ही उपलब्ध कराए गए कागजातों की जांच शुरू कर दी गई है। इसके बाद प्राधिकरण की टीम मौके पर जाकर जांच करेगी। इसके बाद मंजूरी दी जाएगी। मंजूरी देने के बाद एनबीसीसी मौके पर काम शुरू कर सकती है।

10 हजार से अधिक फ्लैट होंगे तैयार

आम्रपाली की नोएडा और ग्रेनो में स्थित परियोजनाओं में खाली पड़ी जमीन और पर्चेबल एफएआर के साथ करीब 10 हजार फ्लैट बनाने की तैयारी एनबीसीसी कर रहा है। नोएडा की सिलिकॉन सिटी के अलावा ग्रेनो एरिया में ड्रीम वैली, गोल्फ होम्स, सेंचुरियन पार्क, लेजर पार्क, लेजर वैली आदि परियोजनाएं हैं, जिनमें फ्लैट बनाए जा सकते हैं।

बिना बकाया लिए हो रहा प्रोसेस

नियमों के तहत प्राधिकरण नक्शा पास करने, अधिभोग प्रमाण पत्र जारी करने, फ्लैटों की रजिस्ट्री की अनुमति देने आदि प्रक्रिया बिल्डर से बकाया लेने के बाद ही करता है, लेकिन आम्रपाली के मामले में ऐसा कुछ नहीं हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्राधिकरण बिना बकाया लिए नक्शा पास करने समेत अन्य प्रक्रिया कर रहा है। प्राधिकरण का आम्रपाली पर 4500 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है।

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article