Saharanpur News: होली का त्योहार करीब आते ही शहरों के बाजारों में इसकी रौनक दिखाई देने लगी है। इस पर्व पर बनने वाले व्यंजनों में पनीर का खास महत्व होता है और लगभग हर घर में इससे कई तरह की डिश तैयार की जाती हैं। हालांकि, त्योहारों के दौरान पनीर में मिलावट की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती हैं। इसी संदर्भ में जनपद सहारनपुर में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने पुलिस टीम के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की है।
650 किलो पनीर जमीन नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामपुर मनिहारान क्षेत्र में छापा मारकर लगभग 6.30 कुंतल यानी करीब 650 किलो संदिग्ध और गंदे हालात में रखा पनीर बरामद किया। जांच के दौरान यह सामने आया कि पनीर का भंडारण बिना वैध लाइसेंस और पंजीकरण के किया जा रहा था। साथ ही, इसे बेहद अस्वच्छ वातावरण में रखा गया था, जो लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। यह पनीर दीपचंद पुत्र रघुवीर के परिसर से जब्त किया गया। स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर पूरे 650 किलो पनीर को जमीन में डलवाकर नष्ट कर दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने क्या बताया?
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे जनपद में मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। जांच में सामने आया कि पनीर बाहर से लाकर अवैध तरीके से संग्रहीत किया गया था। टीम ने मौके से दो सेंपल एकत्रित कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। संबंधित मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कदम आगे भी उठाए जाते रहेंगे।
