शहर

Delhi : गवर्मेंट हॉस्पिटल के पास खुलेंगी 40 एक्स्ट्रा अटल कैंटीन, 2 शिफ्ट में मिलेगा खाना; चुकानें होंगे सिर्फ इतने रुपये

दिल्ली के सरकारी अस्पतालों के आसपास 40 नई अतिरिक्त अटल कैंटीन खोलने का प्लान तैयार किया गया है, जिनमें दोपहर के भोजन के लिए सुबह 11.30 बजे से दोपहर दो बजे तक और रात के खाने के लिए शाम 6.30 बजे से रात नौ बजे तक का समय तय है।

Image

अटल कैंटीन

दिल्ली : दिल्ली सरकार मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजधानी में सरकारी अस्पतालों के पास लगभग 40 अतिरिक्त ’अटल कैंटीन’ स्थापित करने की योजना बना रही है। एक अधिकारी के अनुसार, इन कैंटीन के संचालन का समय बढ़ाकर सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था के तहत अटल कैंटीन दो निश्चित समय पर संचालित होती हैं, जिनमें दोपहर के भोजन के लिए सुबह 11.30 बजे से दोपहर दो बजे तक और रात के खाने के लिए शाम 6.30 बजे से रात नौ बजे तक का समय तय है। अस्पतालों से जुड़ी प्रस्तावित कैंटीन लगातार 12 घंटे खुली रहेंगी। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को बड़ी सहूलियत होगी। इतना ही नहीं कम बजट में भरपेट खाना खा सकेंगे। इससे लोगों की जेब में अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।

दिल्ली में 71 अटल कैंटीन दे रही सेवाएं

इसका उद्देश्य मरीजों के परिजनों और चिकित्सा केंद्रों में लंबे समय तक रुकने वाले अन्य लोगों की जरूरतों को पूरा करना है। दिल्ली सरकार ने 19 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी में 25 अटल कैंटीन का उद्घाटन किया था। यह योजना शहरी गरीबों, मजदूरों और अन्य वंचित वर्गों को किफायती और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के अभियान का हिस्सा है। फिलहाल दिल्ली में 71 अटल कैंटीन हैं। सरकार का लक्ष्य मार्च के अंत तक इसकी संख्या बढ़ाकर 100 करना है।

पांच रुपये प्रति थाली मिलेगा भोजन

इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को पांच रुपये प्रति थाली की दर से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है जिसमें रोटी, चावल, सब्जी और अचार शामिल होता है। प्रत्येक कैंटीन में दोपहर और रात के भोजन के लिए 500-500 थाली देने की दैनिक सीमा निर्धारित की गई है। भोजन प्राप्त करने के लिए लोगों को ’क्यूआर’ आधारित टोकन लेना होता है।

Bhanwar Pushpendra
Bhanwar Pushpendraauthor

ख़बर सही, सटीक, विश्लेषणात्मक और निष्पक्ष हो । एक ग़लत ख़बर आप और समाज दोनों के विध्वंस का कारक बन सकती है। जीवन को ख़बर और ख़बर को जीवन की तरह जीता हूँ।

और पढ़ें
End of Article