शहर

उज्जैन में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 3 साल का मासूम, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मध्य प्रदेश के उज्जैन में 3 साल का मासूम 60 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया है। पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच कर बच्चे को सुरक्षित करने के लिए प्रयासरत हैं।

Image

उज्जैन में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 3 साल का मासूम

उज्जैन जिले से गुरुवार की शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 3 साल का मासूम खुले बोरवेल में गिर गया। यह हादसा उज्जैन से करीब 65 किलोमीटर दूर बडनगर तहसील के झालारिया गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने परिवार के साथ खेत के पास मौजूद था, तभी खेलते-खेलते अचानक खुले पड़े बोरवेल में जा गिरा। फिलहाल, प्रशासन की टीमें रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। बच्चे को सांस लेने में दिक्कत न हो इसके लिए ऑक्सीजन बोरवेल के अंदर पहुंचाई जा रही है।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीम मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि बच्चा करीब 60 फीट गहराई में फंसा हुआ है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसडीएम, एसडीओपी समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदने की तैयारी की जा रही है, ताकि बच्चे तक सुरक्षित पहुंच बनाई जा सके। साथ ही ऑक्सीजन सपोर्ट और कैमरे की मदद से बच्चे की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हालांकि बोरवेल की गहराई और संकरी जगह होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और बच्चे के सुरक्षित बाहर निकलने की दुआ कर रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरतलब है कि खुले बोरवेल की वजह से इस तरह के हादसे पहले भी सामने आते रहे हैं, बावजूद इसके लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article