झांसी: झांसी-खजुराहो राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक पीड़ित एक ऑर्केस्ट्रा ग्रुप का हिस्सा थे और मऊरानीपुर शहर में प्रस्तुति देने के बाद झांसी लौट रहे थे।
उल्दन थाने के प्रभारी दिनेश कुरील ने बताया कि श्री राम महाविद्यालय के पास एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में शबनम (28) और मिनी (24) नामक दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक मनीष राजपूत (35) की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
थाना प्रभारी कुरील ने बताया कि अन्य यात्री - काजल उर्फ रिया (23), मुस्कान (21), रवींद्र (24) और अजय सिंह (35) इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज चल रहा है। संदेह है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ गई और वाहन ट्रक से टकरा गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
