शहर

Jammu Kashmir से लापता 3 लोगों के मिली डेडबॉडी, आतंकी घटना से कनेक्शन...

जम्मू कश्मीर के कठुआ में लापता 3 लोगों की डेडबॉडी एक झरने के पास से मिली हैं। प्रारंभिक जांच में आतंकवादी घटना की संभावना खारिज की गई है क्योंकि शवों पर चोट के कोई निशान नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

कठुआ : जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के ऊंचाई वाले इलाके में एक झरने के पास शनिवार को एक किशोर और उसके दो रिश्तेदारों के शव मिले। अधिकारियों ने बताया कि मरहून निवासी दर्शन सिंह (40) और योगेश सिंह (32) तथा देहोता निवासी वरुण सिंह (15) पांच मार्च को बिलावर तहसील के लोहाई मल्हार में एक विवाह समारोह से लौटते समय लापता हो गए थे। वरुण सिंह और उसके रिश्तेदार योगेश सिंह और दर्शन सिंह के शव शनिवार दोपहर पुलिस और सेना के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान ड्रोन की मदद से मल्हार क्षेत्र के ईशू नाला में देखे गए।

आतंकवादी घटना की संभावना खारिज

उन्होंने बताया कि इलाके में ढलान होने के कारण कड़ी मशक्कत के बाद शवों को घटनास्थल से निकाला गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आतंकवादी घटना की संभावना खारिज की गई है क्योंकि शवों पर चोट के कोई निशान नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। अधिकारियों ने बताया कि दर्शन के भाई बृजेश की शादी थी और तीनों उस दिन शाम करीब साढ़े पांच बजे बिलावर तहसील के लोहाई मल्हार में दुल्हन के घर के लिए पहले ही निकल गए थे। दर्शन ने रात करीब साढ़े आठ बजे अपने घर पर आखिरी बार फोन कॉल करके बताया था कि वे रास्ता भटक गए हैं।

जब वे घर वापस नहीं लौटे तो पुलिस और सेना ने उन्हें खोजने के लिए तलाश अभियान शुरू किया क्योंकि इस इलाके में पिछले साल कई आतंकवादी घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में सेना के वाहन पर किया गया वह हमला भी शामिल है जिसमें पांच जवान शहीद हो गए थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सतीश शर्मा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को यह मुद्दा उठाया था। शर्मा ने कहा था, ‘‘मैं सदन को तीन आम नागरिकों के लापता होने के बारे में सूचित करना चाहता हूं। हम सरकार से जवाब चाहते हैं।’’ बिलावर के कोहाग गांव में 16 फरवरी को दो ग्रामीणों - शमशेर (37) और रोशन (45) के शव मिले थे और पोस्टमॉर्टम से पता चला था कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई थी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article