शहर

खुला गेट, काल बनी ट्रेन : मुर्शिदाबाद में ट्रेन के आगे आई स्कूल वैन, दो मासूमों समेत पांच लोगों की मौत; 10 लाख मुआवजे का एलान

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन ने एक पूल कार और एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें अबतक पांच लोगों की मौत हो गई। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 2.5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

Image

मुर्शिदाबाद में ट्रेन ने कार को मारी टक्कर

मुर्शिदाबाद : जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। करनासुबर्ना स्टेशन के पास स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 24A/2 पर निमटीता-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक टाटा सूमो वैन और एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह हादसे में दो स्कूली छात्रों और एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस प्रकार से अबतक पांच लोगों ने जान गवां दी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन से गेटमैन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

क्रॉसिंग गेट खुला होने से हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 6:41 बजे की है। बताया जा रहा है कि कैटवा-अजीमगंज सेक्शन पर स्थित इस लेवल क्रॉसिंग पर ट्रेनों के आवागमन के लिए गेट बंद था। जैसे ही एक ट्रेन (संख्या 13431) अप दिशा में गुजरी, क्रॉसिंग का गेट खोल दिया गया, जिसके तुरंत बाद स्कूल वैन पटरी पर आ गई और दूसरी तरफ से आ रही निमटीता-कटवा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 53054) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वैन रॉयल एकेडमी स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों और वैन चालक को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल बच्चों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल रेलवे और जिला पुलिस द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है और यातायात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने इस दुखद घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।

मंत्री सुकांत मजूमदार ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने हादसे को अत्यंत दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जान जाना एक त्रासदी है, लेकिन बच्चों की मृत्यु की खबर और भी ज्यादा हृदयविदारक है। मजूमदार ने इस घटना की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने भरोसा जताया है कि रेलवे प्रशासन इस हादसे को लेकर एक अलग से विस्तृत जांच जरूर करेगा ताकि घटना के कारणों का पता चल सके।

मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता

पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) शिवराम माझी ने बताया कि रेलवे अधिकारियों की 10-सदस्यीय टीम ने घटना के कारणों की जांच के लिए दुर्घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 2.5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

हादसे के बाद पूर्वी रेलवे के हावड़ा मंडल के अजीमगंज-कटवा खंड में ट्रेन सेवाएं कुछ देर के लिए प्रभावित हुईं। हालांकि वाहन के मलबे को हटाने के बाद ट्रेन सेवा सामान्य रूप से बहाल कर दी गई। गुस्साए ग्रामीणों ने गोबिंदापुर में दुर्घटना स्थल पर प्रदर्शन किया और लापरवाही का आरोप लगाया।

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने जताया शोक

इस घटना पर दुख जताते हुए शुभेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘घटना किन कारणों और परिस्थितियों में हुई उसकी पूरी जांच की जाएगी और मैं पश्चिम बंगाल के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि जो भी इसके लिए जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद थे और उन्होंने बचाव व राहत कार्यों की निगरानी की।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article