शहर

झारखंड के पलामू में बेपटरी हुई कोयले से लदी मालगाड़ी, 15 बोगियां ट्रैक से उतरीं; इन ट्रेनों का बदला रास्ता, दो हुईं रद्द

Train Accident: झारखंड के पलामू जिले के राजहरा रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। रेलवे के मुताबिक, मालगाड़ी बेपटरी होने की वजह से रेलखंड पर परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

Image

मालगाड़ी की 15 बोगियां हुईं बेपटरी (फाइल फोटो)

Train Accident: झारखंड के पलामू जिले के राजहरा रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी में कोयला लदा हुआ था और उसकी लगभग 15 बोगियां पटरी से उतर गईं, जिसकी वजह से रेल यातायात बाधित हो गया।

क्या है पूरा मामला?

रेलवे के मुताबिक, मालगाड़ी बेपटरी होने की वजह से रेलखंड पर परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। मालगाड़ी टोरी से मुगलसराय की ओर जा रही थी। इसी दौरान, राजहरा रेलवे स्टेशन के पास अचानक मालगाड़ी की कई बोगियां पटरी से उतर गईं।

मालगाड़ी हादसे के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल प्रभाव से राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया गया। मौके पर रेलवे के आला अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद है।

ट्रेन सेवाएं बाधित

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से डाल्टनगंज और गढ़वा रोड जंक्शन के बीच ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। हालांकि, किसी के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं है।

कब और कहां हुआ हादसा

यह ट्रेन हादसा ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) के धनबाद डिवीजन के तहत राजहरा स्टेशन के पास दोपहर करीब एक बजे हुई। इस घटना के कारण कम से कम 10 यात्री ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया, उन्हें बीच में ही रोक दिया गया या रद्द कर दिया गया।

ईस्ट सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि कोयले से लदे 15 डिब्बे पटरी से उतर गए। इसमें दो लंबी दूरी की मालगाड़ियां शामिल थीं, जिनमें लगभग 116 डिब्बे थे। राजहरा रेलवे स्टेशन के मैनेजर इंद्रजीत राम ने कहा कि पटरी से डिब्बों को हटाने का काम चल रहा है।

इन ट्रेनों का बदला रास्ता

बकौल पीटीआई, रांची-सासाराम एक्सप्रेस रद्द कर दी गई है, जबकि रांची-चोपन एक्सप्रेस, गोमोह-चोपन पैसेंजर और बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन सहित तीन ट्रेनों को बीच में ही रोक दिया गया है, जबकि हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस, रांची-दिल्ली राजधानी, पलामू एक्सप्रेस और शक्तिपुंज एक्सप्रेस सहित छह ट्रेनों का मार्ग बदला गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article