Mahashivratri 2024: ओडिशा के जाजपुर जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव की मूर्ति का अनावरण होगा। महादेव की इस मूर्ति की ऊंचाई 123 फुट है। जिसका अनावरण 8 मार्च को किया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि यह मूर्ति बरहा क्षेत्र विकास परियोजना के तहत तैयार की जा रही है, इसे बैतरणी नदी के तट पर बरहानाथ मंदिर के पास बनाया जा रहा है। परियोजना में शामिल एक अधिकारी ने कहा कि आगंतुकों को लिफ्ट या सीढ़ियों का उपयोग करके भगवान शिव की मूर्ति के दर्शन करने और बैतरणी नदी के सामने के विहंगम दृश्य का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
जाजपुर में पर्यटन
मूर्ति का निर्माण नई दिल्ली स्थित एक निजी कला संगठन द्वारा किया गया है। मूर्ति के अलावा पर्यटकों के लिए एक खूबसूरत पार्क और फव्वारा भी बनाया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि बरहा क्षेत्र आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मूर्ति के पास एक विश्राम गृह भी बनाया जाएगा। स्थानीय निवासी देबदत्त मिश्रा ने कहा पवित्र बैतरणी नदी के तट पर स्थापित मूर्ति जिले के पर्यटन में इजाफा करेगी। जाजपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, दश्वमेध घाट, बरहा मंदिर, बरुनी घाट और मां बिराजा मंदिर जैसे आकर्षण इस क्षेत्र में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
