Nuh Violence:: हरियाणा के नूंह जिले में बकरीद (ईद-उल-अजहा) की नमाज के बाद दो अलग-अलग गांवों में पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। इन घटनाओं में करीब 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाल लिया। पहली घटना नूंह (Nuh Eid Prayer Violence) के निजामपुर गांव में हुई। बताया जा रहा है कि गांव में पंचायत चुनाव को लेकर काफी समय से दो पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी। सुबह नमाज के बाद जमील और रमजी पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
गांव के लोगों के मुताबिक दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। कुछ लोगों ने लाठी और कुल्हाड़ी का भी इस्तेमाल किया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस झगड़े में छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद अकेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
पुराने विवाद को लेकर दो गुट आमने-सामने
दूसरी घटना सिंगार गांव में हुई, जहां पुराने विवाद को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। मामूली बहस के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस झगड़े में भी करीब छह लोग घायल हुए हैं। बिछौर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। सभी घायलों को पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पूरे मामले पर पुलिस का बयान
डॉक्टरों के अनुसार एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए नल्हड़ स्थित शहीद राजा हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
