बिजनेस

Zomato Block Deal: जोमैटो ने की ब्लॉक डील, ये कंपनी बेच रही है हिस्सेदारी

Zomato Block Deal: वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में जोमैटो के मुनाफे में 126 गुना इजाफा हुआ है। अप्रैल-जून की अवधि के बीच कंपनी ने 253 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 2 करोड़ रुपये था।

Image

जोमैटो ब्लॉक डील

Zomato Block Deal:ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो के शेयर में मंगलवार को 21 करोड़ शेयरों (2.4 प्रतिशत इक्विटी) का सौदा हुआ। इसकी वैल्यू करीब 5,438.5 करोड़ रुपये थी।यह ब्लॉक डील एंटफिन सिंगापुर की ओर से 258 रुपये प्रति शेयर के भाव पर किए जाने की संभावना है। इस डील के बाद जोमैटो का शेयर हल्की गिरावट के साथ 259.58 रुपये पर शुरुआती कारोबार में ट्रेड कर रहा था।एंटफिन सिंगापुर के पास जोमैटो में 4.24 प्रतिशत की हिस्सेदारी थी। इसकी वैल्यू करीब 10,000 करोड़ रुपये की थी।

Zomato के मुनाफे में 126 गुना इजाफा

रिपोर्ट में बताया गया कि इस ब्लॉक डील के साथ ही एंटफिन के लिए 90 दिनों का लॉक-इन- पीरियड शुरू हो गया है। इसके बाद ही एंटफिन कोई दूसरा सौदा बाजार में कर पाएगी।इससे पहले एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि एंटफिन जोमैटो में 1.54 प्रतिशत हिस्सेदारी 408 मिलियन डॉलर में बेचने की योजना बना रही है।

वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में जोमैटो के मुनाफे में 126 गुना इजाफा हुआ है। अप्रैल-जून की अवधि के बीच कंपनी ने 253 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 2 करोड़ रुपये था। नतीजे आने के बाद से जोमैटो का शेयर 12 प्रतिशत से अधिक रिटर्न दे चुका है।

Blinkit

वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में जोमैटो की ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू 27 प्रतिशत बढ़कर 9,264 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, क्विक कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट की ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू (जीओवी) सालाना आधार पर 130 प्रतिशत बढ़कर 4,923 करोड़ रुपये हो गई है। ब्लिंकिट की योजना मार्च 2025 तक 1,000 स्टोर्स खोलने की है। 2026 के अंत तक मुनाफे में रहते हुए 2,000 स्टोर्स खोलने की है। इसमें से ज्यादातर स्टोर्स टॉप 10 शहरों में खोले जाएंगे।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article