Workplace Stress Firing: हाल ही में एक कंपनी ने कमर्चारियों की छंटनी को लेकर विवादित कदम उठाया है। वह कोई नहीं बल्कि Shark Tank-फेमस स्टार्टअप YesMadam, जो एक घर-से-सैलून और टेक्नोलॉजी वाला ब्यूटी और वेलनेस प्लेटफॉर्म है। IndiGo के डिजिटल मार्केटिंग के एसोसिएट डायरेक्टर के साझा किए गए एक लीक हुई इंटर्नल मेल में यह जानकारी सामने आई है। कंपनी ने उन कर्मचारियों से संबंध समाप्त कर दिए हैं जिन्होंने कामकाजी तनाव को लेकर चिंता जताई थी।
लीक हुए मेल में क्या था लिखा?
लीक हुए मेल में YesMadam ने लिखा, “हाल ही में हमने यह समझने के लिए एक सर्वे किया कि आप काम में तनाव के बारे में क्या महसूस करते हैं। कई कर्मचारियों ने अपनी चिंताएं व्यक्त कीं, उनका हम सम्मान करते हैं। एक स्वस्थ और सहायक कार्य परिवेश को बढ़ावा देने के लिए, हमने कर्मचारियों द्वारा रिपोर्ट किए गए तनाव के स्तर पर विचार करते हुए यह कठिन निर्णय लिया है। इस निर्णय के प्रभाव में उन कर्मचारियों को काम से हटा दिया गया है जिन्होंने ज्यादा तनाव की बात कही थी। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा और प्रभावित कर्मचारियों को अलग से जानकारी दी जाएगी।”
सोशल मीडिया पर आलोचना
इस लीक हुए मेल के बाद, LinkedIn पर कई यूजर्स ने इस छंटनी के कारणों पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, “यह एक ऐसा कैपेन लग रहा है जो बुरी तरह से उल्टा पड़ने वाला है।” वहीं, दूसरे यूजर ने इसे “अनैतिक” और “अजीब” बताया और कहा कि यह कर्मचारियों की छंटनी का सबसे बेवकूफाना और असंगत तरीका है।
भारत में वर्क कल्चर पर चर्चा
भारत में वर्क स्पेस पर तनाव और बर्नआउट की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। MediBuddy और CII की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में लगभग 62 प्रतिशत कर्मचारी कार्य से संबंधित तनाव का सामना करते हैं, जो कि वैश्विक औसत 20 प्रतिशत से तीन गुना ज्यादा है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अधिकांश नौकरी तलाशने वाले कर्मचारियों के लिए कर्मचारी कल्याण कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण निर्णयात्मक पहलू बन चुके हैं।
इस बहस को और हवा मिली जब अनिता ऑगस्टिन, जो एर्न्स्ट एंड यंग (EY) की एक कर्मचारी की माँ हैं, ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत कार्य से संबंधित तनाव के कारण हुई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को रात देर तक और वीकेंड में बिना ब्रेक के काम करने के लिए मजबूर किया गया था।
