ईपीएस-95 पेंशनभोगियों के संगठन ईपीएस-95 आंदोलन समिति ने शनिवार को जानकारी दी कि केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने उनकी प्रमुख मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संगठन के बयान के अनुसार, श्रम मंत्री ने देशभर के 78 लाख पेंशनभोगियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया है और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्धता जताई है।
केंद्रीय बजट 2025-26 में घोषणा न होने से पेंशनभोगियों में निराशा, सरकार के अगले कदम पर टिकी निगाहें।
पेंशनभोगियों की प्रमुख मांगें
बयान में कहा गया कि ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति (NAC) ने निम्नलिखित मुद्दों को सरकार के सामने रखा है उनमें
- न्यूनतम पेंशन में बढ़ोतरी।
- पेंशनभोगियों और उनके जीवनसाथी के लिए मुफ्त चिकित्सा सुविधा।
- उच्च पेंशन लाभ के लिए आवेदन प्रक्रियाओं में सुधार शामिल है।
मंत्री ने दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
एनएसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राउत ने बताया कि हाल ही में श्रम मंत्री और वित्त मंत्री के साथ हुई बैठक में न्यूनतम पेंशन में वृद्धि पर सकारात्मक चर्चा हुई। हालांकि, केंद्रीय बजट 2025-26 में इस पर कोई घोषणा न होने से पेंशनभोगियों में निराशा बनी हुई है। इसी को लेकर शुक्रवार को श्रम मंत्री और एनएसी प्रतिनिधिमंडल के बीच एक अहम बैठक हुई, जहां मांडविया ने पेंशनभोगियों की मांगों पर ठोस निर्णय लेने का भरोसा दिया।
