रईसों का देश छोड़ने का 'वर्ल्ड रिकॉर्ड'! भारत समेत इन देशों को लगा बड़ा झटका; आखिर कहां बस रहे हैं दुनिया के सबसे अमीर लोग?

क्या अमीर लोग अब अपने ही देश में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं या फिर उन्हें विदेशों की चकाचौंध ज्यादा रास आ रही है? हाल ही में आई एक रिपोर्ट ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल दुनियाभर के करीब 1.42 लाख करोड़पतियों (High-Net-Worth Individuals) ने अपना बोरिया-बिस्तर समेटा और दूसरे देशों में जाकर बस गए। हैरानी की बात यह है कि इस 'पलायन' की लिस्ट में भारत भी दुनिया के टॉप 3 देशों में शामिल है।

दुनियाभर में अमीरों के पलायन का एक नया 'वर्ल्ड रिकॉर्ड' बनता दिख रहा है। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि विकसित और विकासशील दोनों ही तरह के देशों से रईसों का मोहभंग हो रहा है। इस लिस्ट में सबसे बड़ा झटका ब्रिटेन को लगा है, जो कभी दुनिया के अमीरों का पसंदीदा ठिकाना हुआ करता था। पिछले साल अकेले ब्रिटेन से 16,500 रईसों ने देश छोड़ दिया। विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले एक दशक से ब्रिटेन की सुस्त पड़ती अर्थव्यवस्था और वहां लगातार बढ़ता टैक्स का बोझ अमीरों को रास नहीं आ रहा है। ब्रिटेन के बाद इस लिस्ट में दूसरा नंबर चीन का है, जहां से 7,800 अमीरों ने दूसरे देशों का रुख किया।

Ultra Rich Relocating

क्यों देश से बाहर जा रहे हैं भारतीय करोड़पति?

New World Wealth रिपोर्ट के मुताबिक भारत इस वैश्विक सूची में तीसरे स्थान पर है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल 3,500 भारतीय करोड़पतियों ने स्थायी रूप से विदेश में बसने का फैसला किया। हालांकि, भारत एक तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, लेकिन फिर भी रईसों का पलायन चिंता का विषय है। भारतीय अमीरों के देश छोड़ने के पीछे कई बड़े कारण हैं, जिनमें बेहतर लाइफस्टाइल, बच्चों के लिए विश्वस्तरीय शिक्षा, कम प्रदूषण और व्यापार के लिए ज्यादा आसान नियम शामिल हैं। इसके अलावा, कई रईस ऐसे देशों की तलाश में रहते हैं जहां 'टैक्स' की मार कम हो और निवेश पर सुरक्षा ज्यादा मिले। भारत के अलावा दक्षिण कोरिया, रूस और ब्राजील जैसे देशों से भी बड़ी संख्या में धनकुबेरों ने पलायन किया है।

End of Feed