बिजनेस

Nvidia के रिजल्ट से AI बबल की आशंकाओं पर लगा ब्रेक, 3 महीने में छापा 43 अरब डॉलर का प्रॉफिट

​​दुनिया की सबसे वैल्यूएबल चिप कंपनी Nvidia ने चौथी तिमाही में रिकॉर्ड 68.1 अरब डॉलर की बिक्री और 43 अरब डॉलर का शुद्ध मुनाफा दर्ज कर बाजार को चौंका दिया। AI बबल की आशंकाओं के बीच 94% प्रॉफिट जंप ने यह संकेत दिया कि AI खर्च अभी थमा नहीं है।

Image

एनवीडिया को बंपर प्रॉफिट (इमेज क्रेडिट, एनवीडिया)

ग्लोबल मार्केट्स में AI बबल की आशंकाओं के बीच Nvidia ने चौथी तिमाही में 68.1 अरब डॉलर की रिकॉर्ड बिक्री कर 43 अरब डॉलर का मुनाफा दर्ज किया। सालाना आधार पर कंपनी के प्रॉफिट में 94% ग्रोथ देखने को मिली है और 75% ग्रॉस मार्जिन के साथ कंपनी ने बाजार के अनुमान को पीछे छोड़ा है। कंपनी के ये नतीजे AI डिमांड की मजबूती का संकेत देते हैं और बताते हैं कि दुनिया में AI का विस्तार रुका नहीं है और AI इन्फ्रा खर्च बढ़ रहा है।

94% उछला मुनाफा

कंपनी के फाइनेंशियल स्टेटमेंटस के मुताबिक नेट इनकम 43 अरब डॉलर रही। यह पिछले साल की समान तिमाही में 22.1 अरब डॉलर थी। इस तरह प्रॉफिट में 94% का इजाफा हुआ है। इसके अलावा रेवेन्यू 68.1 अरब डॉलर रहा, जो सालाना आधार पर 73% की बढ़ोतरी दिखाता है। जबकि, बजार अनुमान थे कि कंपनी 66.1 अरब डॉलर का रेवेन्यू रिपोर्ट करेगी और 37.5 अरब डॉलर तक मुनाफा हो सकता है। इसके अलावा कंपनी का ग्रॉस मार्जिन भी 75% पर पहुंच गया है, जो पिछले साल 73% पर था।

वित्तीय पैरामीटरQ4 (वर्तमान वर्ष)Q4 (पिछला वर्ष)सालाना वृद्धिअनुमान (FactSet)अनुमान से बेहतर
नेट इनकम43 अरब डॉलर22.1 अरब डॉलर94%37.5 अरब डॉलरहां
रेवेन्यू68.1 अरब डॉलर39.3 अरब डॉलर73%66.1 अरब डॉलरहां
ग्रॉस मार्जिन75%73%+2 प्रतिशत अंक75% (अनुमान के अनुरूप)बराबर

डेटा सेंटर बना ग्रोथ इंजन

कुल बिक्री का 91.4% यानी 62.3 अरब डॉलर डेटा सेंटर बिजनेस से आया। AI और क्लाउड कंपनियों को बेचे जाने वाले GPU और नेटवर्किंग हार्डवेयर की मांग कंपनी की ग्रोथ का मुख्य आधार रही। कंपनी के CEO Jensen Huang ने नतीजों के बाद कहा, “कंप्युटिंग बदल चुकी है। AI की दुनिया में कंप्यूटिंग क्षमता ही रेवेन्यू है।” उनका दावा है कि ‘agentic AI’ अब बिजनेस मॉडल को बदल रहा है और कंपनियों के लिए रियल प्रॉफिट जेनरेट कर रहा है।

ट्रेनिंग से इंफेरेंस की ओर शिफ्ट

WSJ की एक रिपोर्ट के मुताबिक AI बाजार अब मॉडल ट्रेनिंग से ‘इंफेरेंस’ की ओर बढ़ रहा है, जहां AI टूल यूजर क्वेरी का जवाब देते हैं। Nvidia ने सालों से GPU के जरिए ट्रेनिंग मार्केट पर दबदबा बनाए रखा है, लेकिन अब CPU वाले इंफेरेंस इन्फ्रास्ट्रक्चर की मांग बढ़ रही है। पिछले दिनों कंपनी ने Meta Platforms के साथ पार्टनरशिप में ऐसे सर्वर तैनात किए, जिनमें GPU से अलग CPU डिप्लॉयमेंट देखने को मिला है। स्टेटमेंट में कंपनी के CFO Colette Kress ने बताया है कि कंपनी का Grace Blackwell प्लेटफॉर्म फिलहाल इंफेरेंस मार्केट में सबसे ताकतवर है, जिसकी मांग लगातार बढ़ रही है।

बड़े ग्राहक, पर जोखिम भी

Nvidia के पास बड़े ग्राहक हैं। इनमें ओपन एआई, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और अल्फाबेट जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि, OpenAI की फंडिंग और कस्टम AI चिप डिजाइन करने वाली कंपनियों से प्रतिस्पर्धा को लेकर एनविडिया के निवेशकों में चिंता बनी हुई है। इसके अलावा Nvidia ने OpenAI में अपने 100 अरब डॉलर निवेश की जगह अब करीब 30 अरब डॉलर के निवेश में भागीदारी की बात कही है।

चीन और गाइडेंस पर नजर

चीन में H200 चिप की बिक्री पर ट्रंप प्रशासन की तरफ से अब भी स्पष्टता नहीं है। इसे लेकर कंपनी ने कहा कि अब तक इससे कोई खास रेवेन्यू नहीं आया है। हालांकि, कंपनी के गाइडेंस में चालू तिमाही के लिए Nvidia ने 78 अरब डॉलर रेवेन्यू का अनुमान दिया है, जो बाजार के 72.9 अरब डॉलर अनुमान से काफी बेहतर है। इस तरह चीन के मार्केट से जुड़ी चिंताओं के चलते बेहतर गाइडेंस के बावजूद शेयर में खास उछाल देखने को नहीं मिला, बल्कि वैल्यू बायिंग के चलते शेयर में करीब 1% की तेजी आई।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article