Gold Rate: भारत में सोना हर घर का पसंदीदा मेटल है, खासकर शादियों में सोने के गहने जरूर खरीदे जाते हैं। इसलिए लोगों को इंतजार रहता है कब सोना सस्ता होगा। शुक्रवार 21 मार्च को सोने की कीमतों में गिरावट हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 400 रुपये की गिरावट के साथ 91,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। शनिवार और रविवार को बाजार बंद होने के बाद सोमवार को बाजार ओपन के बाद कीमतों में बदलाव हो सकता है। तो आइए जानते हैं सोने की कीमतों गिरावट क्यों हुई। क्या आगे भी यह गिरावट जारी रह सकती है। जानिए एक्सपर्ट की राय।
Gold Rate: क्यों घटे सोने के दाम?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर कॉमोडिटी एक्सपर्ट सौमिल गांधी ने कहा कि व्यापारियों द्वारा मुनाफावसूली और डॉलर में आए सुधार के चलते सोने की कीमतों में गिरावट आई है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल द्वारा अमेरिका में वृद्धि की रफ्तार सुस्त होने और महंगाई दर बढ़ने की टिप्पणियों से कीमती धातु में गिरावट आई है। कोटक सिक्योरिटीज में सहायक उपाध्यक्ष (कॉमोडिटी रिसर्च) कायनात चैनवाला ने कहा कि कॉमेक्स सोना 3,040 डॉलर प्रति औंस से नीचे है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लगाए सीमा शुल्कों के संभावित प्रभावों और पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण भू-राजनीतिक स्थिति से जुड़ी चिंताओं के कारण सुरक्षित निवेश की मांग होने के कारण इसमें तेज गिरावट सीमित रह सकती है। उन्होंने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है क्योंकि ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि व्यापक जवाबी शुल्क और कुछ अतिरिक्त क्षेत्र-विशिष्ट शुल्क दो अप्रैल को लागू हो जाएंगे।
Gold Rate: वायदा बाजार में सोने का भाव
कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव शुक्रवार को 354 रुपये की गिरावट के साथ 88,352 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अप्रैल में आपूर्ति वाले सोने का भाव 354 रुपये या 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 88,352 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 11,802 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.18 प्रतिशत फिसलकर 3,038.30 डॉलर प्रति औंस रह गया।
Silver Rate: वायदा बाजार में चांदी का भाव
प्रतिभागियों के अपने सौदे घटाने से चांदी की कीमत शुक्रवार को 742 रुपये घटकर 98,650 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में मई में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध का भाव 742 रुपये या 0.75 प्रतिशत घटकर 98,650 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। इसमें 21,125 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि बाजार में मौजूदा स्तर पर प्रतिभागियों की बिकवाली से मुख्य रूप से चांदी की कीमतों पर असर पड़ा। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी का भाव 0.75 प्रतिशत गिरकर 33.74 डॉलर प्रति औंस हो गया।
