बिजनेस

Income Protection Plan: क्या होता है इनकम प्रोटेक्शन प्लान, नौकरी पेशा लोगों को ऐसे मिलेगा फायदा

Income Protection Plan: नए प्लान में यह सुनिश्चित किया गया है कि आय खरीद के पहले दिन से ही महंगाई के अनुसार बढ़ने लगेगी, जो हर साल 5% की चक्रवृद्धि दर से बढ़ेगी। इससे समय के साथ आपकी आय और भी ज्यादा लाभकारी हो जाएगी।

Image

इनकम प्लान

Income Protection Plan:किसी भी नौकरीपेशा व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय यही होता है कि वह अपनी अनुपस्थिति में लंबे समय तक के लिए अपने परिवार को किस प्रकार वित्तीय सुरक्षा प्रदान कर सकता है। इसी कड़ी में आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने पॉलिसीबाजार के साथ मिलकर एक नई टर्म इंश्योरेंस योजना, एबीएसएलआई इनकम प्रोटेक्शन पॉलिसी लॉन्च की है।इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पॉलिसीधारक अपनी अनुपस्थिति में अपने परिवार को मासिक आय का एक नियमित स्रोत दे सकें। इस योजना में बढ़ी हुई आय सुरक्षा सुविधाएं हैं, जो विशेष रूप से नौकरीपेशा व्यक्तियों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं।

इनकम प्रोटेक्शन प्लान की प्रमुख विशेषताएं

इन्फलेशन-एडजस्टेड इनकम का फायदा मिलता है। नए प्लान में यह सुनिश्चित किया गया है कि आय खरीद के पहले दिन से ही महंगाई के अनुसार बढ़ने लगेगी, जो हर साल 5% की चक्रवृद्धि दर से बढ़ेगी। इससे समय के साथ आपकी आय और भी ज्यादा लाभकारी हो जाएगी।

गारंटीड पेआउट: पॉलिसी अवधि के अंत में पॉलिसीधारक की मृत्यु की स्थिति में, परिवार को कम से कम 10 वर्षों तक आय का आश्वासन मिलता है।

विशेष छूट: यह योजना वेतनभोगी ग्राहकों के लिए प्रथम वर्ष में 7% की छूट प्रदान करती है, महिलाओं के लिए अतिरिक्त 2% की छूट प्रदान करती है।

दो तरह से मौजूद

1.निश्चित आय सुरक्षा: इसमें, अगर बीमित व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो नामांकित व्यक्ति को एक निश्चित मासिक राशि का भुगतान किया जाता है।

2.बढ़ती आय सुरक्षा: इसमें, बीमित व्यक्ति की मृत्यु पर मिलने वाली मासिक आय को महंगाई के अनुसार बढ़ाया जाता है। यह सुनिश्चित करता है कि हर साल आय में 5% की वृद्धि होती है।इसका मतलब है कि जब आप योजना खरीदते हैं, तब जो आय तय करते हैं, वह हर साल 5%चक्रवृद्धिदर से बढ़ेगी। पॉलिसी शुरू होने पर जो मासिक आय तय की गई है, उसे 1.05 से गुणा किया जाएगा, जब तक कि वह 1.5 गुना नहीं हो जाती।

उदाहरण के लिए, अगर आप पॉलिसी शुरू करते समय 1 लाख की मासिक आय चुनते हैं, तो यह बढ़कर 1.5 लाख तक जा सकती है। यहां तक कि अगर पॉलिसीधारक की मृत्यु हो जाती है, तो भी यह आय हर साल 5% बढ़ती रहेगी, जब तक यह पहले तय की गई राशि के 1.5 गुना नहीं हो जाती। इसके बाद, यह राशि स्थिर रहती है। यह योजना महंगाई के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करती है और यह सुनिश्चित करती है कि परिवार मुश्किल परिस्थितियों में भी अपने जीवन स्तर को बनाए रख सकें।

आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ कमलेश राव के अनुसार यह सिर्फ इंश्योरेंस उपलब्ध करने के बारे में नहीं है बल्कि वेतन पर आय सुरक्षा प्रदान करने के बारे में है। महंगाई के हिसाब से आय बढ़ाने जैसी सुविधाएं से बड़ी सुरक्षा मिलेगी।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article