अमिताभ बच्चन के 'जलसा' विवाद से लें प्रॉपर्टी ट्रांसफर का सबक, आप न करें ये 5 गलतियां!

अमिताभ बच्चन का बंगला जलसा कानूनी पचड़े में फंसता नजर आ रहा है। रामोला बच्चन ने इस बंगले के मालिकाना हक को लेकर चुनौती दी है। आखिर यह विवाद कैसे उपजा और आप क्या सीख सकते हैं?

Amitabh Bachchan Jalsa Property Dispute: अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले 'जलसा' को लेकर परिवार के भीतर प्रॉपर्टी विवाद सामने आया है। मामला 1993 की एक कथित गिफ्ट डीड से जुड़ा है। अमिताभ बच्चन के छोटे भाई अजिताभ की पत्नी रामोला बच्चन ने इस दस्तावेज को चुनौती दी है। फिलहाल, इस बंगले की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है।

Amitabh Bachchan Jalsa

जलसा को लेकर उठा कानूनी विवाद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले अमिताभ बच्चन का बंगला जलसा उनके छोटे भाई अजिताभ बच्चन की पत्नी रामोला बच्चन के नाम पर था। साल 1993 में एक कथित गिफ्ट डीड के जरिए यह संपत्ति जया बच्चन के नाम ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, रामोला बच्चन अब इस गिफ्ट डीड को चुनौती दे रही हैं। उनका आरोप है कि उन्हें इस ट्रांसफर की जानकारी नहीं थी और न ही उन्होंने इसके लिए अपनी सहमति दी थी। उन्होंने दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।

क्या है 'जलसा' का प्रॉपर्टी विवाद?

रिपोर्ट्स के अनुसार, रामोला का दावा है कि गिफ्ट डीड सादे कागज पर तैयार की गई थी। उस समय स्टांप ड्यूटी का भुगतान नहीं किया गया था और दस्तावेज पर गवाहों के हस्ताक्षर भी नहीं थे। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की अभय योजना के तहत बाद में दस्तावेज के रजिस्ट्रेशन और नियमित किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, कपोल हाउसिंग सोसायटी के रिकॉर्ड प्रॉपर्टी का मालिक जया बच्चन को बताया गया है। असल में मामला तब सुर्खियों में आया जब सरकारी रिकॉर्ड में रामोला बच्चन का नाम हटाकर जया बच्चन का नाम दर्ज कराने की कोशिश की गई। रामोला की शिकायत के बाद मामला मुंबई के अंधेरी स्थित डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ को-ऑपरेटिव सोसायटी के पास पहुंचा। डिप्टी रजिस्ट्रार फैयाज मुलानी ने शिकायत मिलने और सुनवाई शुरू होने की पुष्टि की है। संबंधित पक्षों से जवाब मांगे गए हैं।

प्रॉपर्टी ट्रांसफर में क्या कहता है कानून?

जलसा विवाद को समझने के लिए प्रॉपर्टी गिफ्ट से जुड़े कानूनी प्रावधान जानना जरूरी है। भारत में अचल संपत्ति को गिफ्ट करने के लिए ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1882 और रजिस्ट्रेशन एक्ट, 1908 के प्रावधान लागू होते हैं। ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की धारा 123 के मुताबिक, अचल संपत्ति गिफ्ट करने के लिए रजिस्टर्ड दस्तावेज जरूरी है। इस पर संपत्ति देने वाले यानी डोनर के हस्ताक्षर होने चाहिए और कम से कम दो गवाहों से इसकी पुष्टि होनी चाहिए। इसके अलावा, रजिस्ट्रेशन एक्ट की धारा 17 के तहत अचल संपत्ति की गिफ्ट डीड का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। यानी सिर्फ कागज पर संपत्ति किसी के नाम कर देने से कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं होती।

गिफ्ट करने वाले की सहमति जरूरी

ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की धारा 122 के अनुसार, गिफ्ट स्वेच्छा से और बिना किसी भुगतान के किया गया संपत्ति का ट्रांसफर होता है। इसे पाने वाले व्यक्ति यानी डोनी (Donee) को भी गिफ्ट स्वीकार करना होता है। कानून के मुताबिक, यह स्वीकृति गिफ्ट करने वाले व्यक्ति के जीवित रहते और संपत्ति देने में सक्षम रहने के दौरान होनी चाहिए। इसलिए दस्तावेज में डोनर की सहमति और डोनी की स्वीकृति दोनों महत्वपूर्ण हैं।

स्टांप ड्यूटी का भुगतान भी जरूरी

गिफ्ट डीड पर लागू स्टांप ड्यूटी का भुगतान करना होता है। इसकी दरें राज्य और संपत्ति के प्रकार के साथ रिश्ते के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं। कुछ राज्यों में परिवार के सदस्यों के बीच गिफ्ट पर रियायत भी मिलती है। इसलिए संपत्ति ट्रांसफर करने से पहले संबंधित राज्य के स्टांप कानून के मुताबिक सही ड्यूटी की गणना करानी चाहिए। सिर्फ रजिस्ट्रेशन की रसीद या बाद में ड्यूटी जमा कराने से दस्तावेज की सहमति और वैधता से जुड़े सभी सवाल अपने-आप खत्म नहीं हो जाते।

प्रॉपर्टी कार्ड में नाम मालिकाना हक का सबूत है?

जलसा विवाद से जुड़ा एक बड़ा सवाल यह भी है कि अगर किसी व्यक्ति का नाम सरकारी प्रॉपर्टी कार्ड में दर्ज है तो क्या वही संपत्ति का असली मालिक माना जाएगा? इसका जवाब समझने के लिए सुप्रीम कोर्ट का एक अहम फैसला देखना जरूरी है।

सुप्रीम कोर्ट ने पी किशोर कुमार बनाम विट्ठल के पाटकर मामले में 20 नवंबर, 2023 के फैसले में स्पष्ट किया कि राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज होना अपने-आप में संपत्ति का मालिकाना हक स्थापित नहीं करता। कोर्ट ने कहा कि म्यूटेशन एंट्री का मकसद मुख्य रूप से राजस्व संबंधी रिकॉर्ड रखना है, इससे किसी व्यक्ति को अपने आप टाइटल नहीं मिल जाता। संपत्ति के वास्तविक मालिकाना हक का विवाद सक्षम सिविल कोर्ट तय कर सकता है।

इसका मतलब यह है कि सोसायटी के रिकॉर्ड, प्रॉपर्टी कार्ड, म्यूटेशन या टैक्स रसीद को अकेले मालिकाना हक का अंतिम प्रमाण नहीं मानना चाहिए। मूल सेल डीड, गिफ्ट डीड, विरासत से जुड़े दस्तावेज और पूरी टाइटल चेन की जांच जरूरी है।

परिवार में प्रॉपर्टी ट्रांसफर करें 7 बातों का रखें ध्यान?

जलसा विवाद से आम परिवारों के लिए सबसे बड़ा सबक यही है कि संपत्ति का ट्रांसफर करते समय हर दस्तावेज और रिकॉर्ड की जांच होनी चाहिए। घर या जमीन बच्चों, भाई-बहनों या दूसरे रिश्तेदारों के नाम करने से पहले ये 7 काम जरूर करें।

1. मालिकाना हक की जांच पता करें कि संपत्ति का असली मालिक कौन है और उसके पास उसे ट्रांसफर करने का कानूनी अधिकार है या नहीं।

2. सभी संबंधित पक्षों की सहमति संयुक्त संपत्ति या विरासत में मिली प्रॉपर्टी में सभी संबंधित हिस्सेदारों के अधिकार और जरूरी सहमति की जांच करें।

3. सही गिफ्ट डीड दस्तावेज में संपत्ति का पूरा विवरण, डोनर और डोनी की पहचान और ट्रांसफर की शर्तें स्पष्ट रखें।

4. स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन लागू स्टांप ड्यूटी चुकाएं और गिफ्ट डीड का नियमानुसार रजिस्ट्रेशन कराएं।

5. दो गवाहों के हस्ताक्षर अचल संपत्ति की गिफ्ट डीड में कम से कम दो गवाहों के हस्ताक्षर सुनिश्चित करें।

6. सभी रिकॉर्ड अपडेट रजिस्ट्रेशन के बाद प्रॉपर्टी कार्ड, सोसायटी रिकॉर्ड, म्यूटेशन और नगर निगम के टैक्स रिकॉर्ड अपडेट कराएं।

7. दस्तावेज सुरक्षित रखें मूल गिफ्ट डीड, रजिस्ट्रेशन रसीद, स्टांप ड्यूटी के प्रमाण और अपडेटेड रिकॉर्ड सुरक्षित रखें।

End Article
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अध...

End of Feed