Israel-Iran War: ईरान के साथ चल रहे संघर्ष का असर अब इजरायल की अर्थव्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इजराइल के वित्त मंत्रालय के अनुसार मौजूदा हालात और आर्थिक गतिविधियों पर लगी पाबंदियों के कारण देश को हर हफ्ते करीब 3 अरब डॉलर (लगभग 27,000 करोड़ रुपए) का नुकसान हो सकता है। यह आंकड़ा ऐसे समय में सामने आया है जब सुरक्षा कारणों से देशभर में कई गतिविधियों पर कड़े प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
प्रतिबंधों में ढील देने का अनुरोध
भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि फाइनेंस मिनिस्ट्री के डायरेक्टर जनरल Ilan Rom ने होम फ्रंट कमांडर के प्रमुख Maj. Gen. Shai Klapper को भेजे एक पत्र में गुरुवार से व्यवसायों और कार्यस्थलों को धीरे-धीरे और आंशिक रूप से फिर से खोलने के लिए प्रतिबंधों में ढील देने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, लेकिन पूरे पैमाने पर अर्थव्यवस्था को बंद करने से देश को भारी आर्थिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
उन्होंने आगे कहा, "हमें ऐसा समाधान चाहिए जो होम फ्रंट की सुरक्षा जरूरतों और अर्थव्यवस्था की आवश्यकताओं दोनों को ध्यान में रखे। पिछले ढाई वर्षों से सुरक्षा जरूरतों में बढ़ोतरी और युद्ध के प्रभावों के कारण अर्थव्यवस्था पहले ही भारी आर्थिक दबाव झेल रही है।"
देशभर में कड़े दिशा-निर्देश लागू
दरअसल, हाल ही में Israel और United States ने Iran के खिलाफ संयुक्त सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। इसके तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने देशभर में कड़े दिशा-निर्देश लागू कर दिए। इन नियमों के तहत सार्वजनिक सभाओं, शैक्षणिक संस्थानों और अधिकतर कार्यस्थलों को बंद कर दिया गया है। केवल जरूरी सेवाओं से जुड़े व्यवसायों को ही काम करने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा लोगों को घर से काम करने की सलाह दी गई है और स्कूल-कॉलेज भी फिलहाल बंद रखे गए हैं।
हर सप्ताह अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान
वित्त मंत्रालय के अनुसार इन कड़े प्रतिबंधों के कारण हर सप्ताह अर्थव्यवस्था को लगभग 9.4 अरब शेकेल का नुकसान हो रहा है। इस नुकसान में स्कूल-कॉलेज बंद होने, कई कार्यस्थलों के बंद रहने और बड़ी संख्या में रिजर्व सैनिकों की तैनाती जैसे कारण शामिल हैं।
ऑरेंज अलर्ट स्तर लागू करने का सुझाव
मंत्रालय ने सुझाव दिया है कि मौजूदा रेड अलर्ट स्तर की जगह ऑरेंज अलर्ट स्तर लागू किया जाए, जिससे सीमित आर्थिक गतिविधियों को अनुमति मिल सके। ऑरेंज स्तर के तहत व्यवसाय और कार्यस्थल सीमित रूप से खुल सकते हैं, हालांकि शैक्षणिक संस्थान बंद ही रहेंगे।
वित्त मंत्रालय का अनुमान है कि अगर सीमित गतिविधियों की अनुमति दी जाती है तो साप्ताहिक आर्थिक नुकसान घटकर लगभग 4.5 अरब शेकेल (करीब 1.5 अरब डॉलर) रह सकता है, जो वर्तमान नुकसान का आधा है। मंत्रालय का मानना है कि यह कदम सुरक्षा और अर्थव्यवस्था दोनों के बीच संतुलन बनाने में मदद करेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
