बिजनेस

प्रॉपर्टी से बन सकते हैं करोड़पति! Real Estate में पैसा लगाने से पहले जान लें बस ये 2 'गोल्डन रूल्स'

अगर आप भी किसी प्रॉपर्टी में निवेश करने जा रहे हैं तो आपको निवेश से पहले 2 गोल्डन रूल्स को समझना जरूरी है।

Image

प्रॉपर्टी में निवेश के गोल्डन रूल्स (AI Generated Image)

भारत में रियल एस्टेट (Real Estate) को लंबे समय से सुरक्षित और भरोसेमंद निवेश विकल्प माना जाता रहा है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग अपनी बचत का बड़ा हिस्सा घर, फ्लैट या प्लॉट खरीदने में लगाते हैं। आम धारणा है कि समय के साथ प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ती है, जिससे निवेशकों को अच्छा रिटर्न मिल सकता है। हालांकि, केवल कोई भी प्रॉपर्टी खरीद लेना समझदारी नहीं होती। सही प्रॉपर्टी का चुनाव, उसकी लोकेशन, संभावित किराया, भविष्य में कीमत बढ़ने की संभावना और उससे जुड़े खर्चों का आकलन करना भी उतना ही जरूरी है।

अगर बिना रिसर्च के निवेश किया जाए, तो उम्मीद के मुताबिक रिटर्न नहीं मिल पाता। इसलिए प्रॉपर्टी खरीदने से पहले कुछ जरूरी गोल्डन रूल्स (Property Investment Rules) को समझ सकते हैं, जो बेहतर और समझदारी भरा निवेश करने में मदद कर सकते हैं।

रियल एस्टेट निवेश में 1% का नियम

रियल एस्टेट निवेश में 1% रूल को शुरुआती मूल्यांकन का एक आसान तरीका माना जाता है। इस नियम के अनुसार, किसी प्रॉपर्टी से मिलने वाला मासिक किराया उसकी खरीद कीमत का कम से कम 1% होना चाहिए।

उदाहरण के लिए अगर किसी प्रॉपर्टी की कीमत 80 लाख रुपये है, तो उससे हर महीने करीब 80,000 रुपये किराया मिलने की संभावना होनी चाहिए। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रॉपर्टी भविष्य में अच्छा कैश फ्लो दे सकती है और निवेश से नियमित आय भी हो सकती है।

हालांकि, यह कोई तय नियम या कानूनी मानक नहीं है और न ही यह बेहतर रिटर्न की गारंटी देता है। इसे केवल शुरुआती जांच के एक पैमाने के रूप में देखा जाता है।

कैसी प्रॉपर्टी में नहीं करना चाहिए निवेश

प्रॉपर्टी में निवेश का दूसरा गोल्डन रूल कहता है कि ऐसी प्रॉपर्टी में निवेश न करें, जिसमें आप खुद रहना पसंद नहीं करेंगे। इसका मतलब यह है कि अगर किसी इलाके में सुरक्षा, साफ-सफाई, सड़क, परिवहन, स्कूल, अस्पताल या अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है और आप खुद वहां रहने की कल्पना नहीं कर सकते, तो केवल अधिक किराये या कम कीमत के लालच में वहां निवेश करने से बचना चाहिए।

अच्छी लोकेशन वाली प्रॉपर्टी में अच्छे किरायेदार मिलने की संभावना अधिक होती है, जिससे किराया समय पर मिलने और प्रॉपर्टी की बेहतर देखभाल होने की संभावना भी बढ़ जाती है।

वहीं खराब इलाके में स्थित प्रॉपर्टी में किरायेदार बदलने की समस्या, लंबे समय तक खाली रहने का जोखिम और मेंटेनेंस से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसलिए निवेश करते समय सिर्फ कीमत या संभावित रिटर्न नहीं, बल्कि उस इलाके की गुणवत्ता, भविष्य में विकास की संभावना और रहने योग्य माहौल को भी ध्यान में रखना चाहिए।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article