भारत में जब कोई व्यक्ति अपना सपना पूरा करने के लिए घर खरीदना चाहता है, तो अक्सर सवाल आता है बैंक से होम लोन लें या NBFC से? दोनों ही लोन देती हैं, लेकिन उनके फायदे और नुकसान अलग-अलग होते हैं। यही बात पर्सनल लोन पर भी लागू होती है। पैसों की जरूरत जल्दी होने पर सही लेंडर चुनना बहुत जरूरी होता है।
पर्सनल लोन लेते समय सबसे पहले लोन अप्रूवल की प्रक्रिया और स्पीड को देखें। NBFC आमतौर पर लोन जल्दी मंजूर कर देती हैं और नियम थोड़े लचीले होते हैं। अगर आपका क्रेडिट स्कोर कम है या रेगुलर इनकम नहीं है, तो भी NBFC से लोन मिलने की संभावना रहती है। बैंक में मंजूरी की प्रक्रिया थोड़ी सख्त होती है, लेकिन अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद होती है। आईये आपको बताते हैं NBFC और बैंक में लोन के लिए क्या सही ऑप्शन है?
दोनों का कैसा है डॉक्युमेंटेशन
डॉक्युमेंटेशन की बात करें तो NBFC कम दस्तावेज मांगती हैं, जो स्वयं-नियोजित या सैलरी स्लिप न रखने वाले लोगों के लिए आसान होता है। बैंक थोड़े ज्यादा दस्तावेज मांगते हैं, जैसे पहचान प्रमाण, आय प्रमाण और पता प्रमाण। हालांकि कई बैंक अब ऑनलाइन पर्सनल लोन की सुविधा भी देते हैं, जिसमें केवल जरूरी दस्तावेज मांगे जाते हैं।
लोन की राशि और अवधि के मामले में बैंक आमतौर पर NBFC की तुलना में अधिक लोन और लंबी रीपेमेंट अवधि देते हैं। इसलिए बड़े खर्चों जैसे शादी, घर की मरम्मत या पढ़ाई के लिए बैंक लोन बेहतर विकल्प हो सकता है। ब्याज दर और शुल्क में बैंक की दरें कम और स्थिर होती हैं, जबकि NBFC अधिक लचीलापन देती हैं लेकिन उनकी दरें थोड़ी ज्यादा हो सकती हैं।
कौन देता है सस्ता लोन?
सुरक्षा के लिहाज से बैंक RBI के सख्त नियमों के तहत काम करते हैं, इसलिए लंबे समय के लिए अधिक सुरक्षित माने जाते हैं। NBFC भी RBI द्वारा नियंत्रित होती हैं, लेकिन नियम थोड़े हल्के होते हैं। इसलिए NBFC से लोन लेने से पहले उसकी विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा जरूर जांचें।
होम लोन के मामले में बैंक कम ब्याज दर पर लोन देते हैं, जिससे लंबी अवधि में बचत होती है। वे पारदर्शिता और अतिरिक्त सेवाएं जैसे सेविंग अकाउंट, क्रेडिट कार्ड और निवेश सुविधा भी देते हैं। कुछ बैंक महिलाओं या पुराने ग्राहकों को ब्याज में छूट भी देते हैं। हालांकि बैंक की पात्रता शर्तें कठोर होती हैं और दस्तावेज़ी प्रक्रिया लंबी हो सकती है।
कम क्रेडिट स्कोर पर कौन देता है लोन?
NBFC लचीली पात्रता शर्तें देती हैं और कम क्रेडिट स्कोर या असंगठित आय वाले लोगों को भी लोन मिल सकता है। इनके पास लोन प्रोसेस तेज़ और फंड जल्दी रिलीज करने की सुविधा होती है। NBFC अलग-अलग ग्राहकों के लिए कस्टमाइज्ड लोन प्रोडक्ट भी देती हैं। लेकिन उनकी ब्याज दरें बैंक से थोड़ी अधिक होती हैं और बैंकों जैसी अतिरिक्त सुविधाएं नहीं मिलतीं।
बैंक और NBFC में से सही विकल्प चुनना आपकी जरूरत, क्रेडिट स्कोर और परिस्थिति पर निर्भर करता है। लोन लेने से पहले ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस, ग्राहक सेवा और अन्य शर्तों की तुलना जरूर करें।
